Chhattisgarh Weather Update-छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज दोहरी मार कर रहा है. आसमान से बरसती आग और तपती हवाओं ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. हालांकि, बीच-बीच में बादलों की आवाजाही से मौसम में हल्का बदलाव दिख रहा है. लेकिन इससे लोगों को राहत नहीं मिलेगी. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब प्रचंड हीटवेव चलने वाली है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी के तेवर और भी ज्यादा जानलेवा साबित हो सकते हैं.
अगले 24 घंटों में बढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटों के भीतर अधिकतम तापमान में भारी बढ़ोतरी होने वाली है. अनुमान है कि पारा 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और ऊपर जा सकता है. तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ने वाली है.
मध्य छत्तीसगढ़ में लू का रेड अलर्ट
प्रदेश के मध्य हिस्से, जिसमें रायपुर और दुर्ग संभाग शामिल हैं, वहां कल से लू चलने की सख्त चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि गर्म हवाओं के थपेड़े न केवल राहगीरों को परेशान करेंगे, बल्कि स्वास्थ्य पर भी असर पड़ेगा.
रायपुर में 43 डिग्री का टॉर्चर
राजधानी रायपुर में आज तापमान का पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. सुबह 10 बजे से बाद से ही शहर की सड़कें भट्टी की तरह तपने लगी हैं. गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा पसरने लगा है. इस साल गर्मी पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकती है.
दुर्ग का तापमान सबसे ज्यादा
बीते 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो दुर्ग जिला पूरे प्रदेश में सबसे गर्म दर्ज किया गया है. यहां पारा 43 डिग्री को पार कर गया है. बढ़ते तापमान के चलते लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.
चलेगी हीटवेव
आने वाले दिनों में भी मौसम ड्राय रहने वाला है, ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है. मौसम के शुष्क रहने से हीटवेव चलेगी जो लोगों की परेशानियों को और बढ़ा देगी. अगले तीन-चार हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है.
घर से बाहर निकलते समय रखे सावधानी
बढ़ते तापमान के बीच लोगों से अपील की गई है कि वे दोपहर 12 से 4 बजे की बीच बेवजह घर से बाहर न निकलें. बाहर निकलते समय सिर ढककर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं.