छत्तीसगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म, ढाई माह की गर्भवती हुई; पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

राजनांदगांव : राजनांदगांव जिले के लालबाग थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया और वह ढाई माह की गर्भवती पाई गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लालबाग थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाली एक 17 वर्षीय नाबालिग को पेट दर्द की शिकायत के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में हुई जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि पीड़िता गर्भवती है। पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसे बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद पीड़िता गर्भवती हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए, लालबाग थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सक्रियता से जांच शुरू की। विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी को छुरिया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।