Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अगले पांच दिनों तक बदला हुआ रहने की संभावना है. शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली, जिसके बाद प्रदेश के कई शहरों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई. मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली. मौसम विभाग ने शनिवार और आने वाले दिनों के लिए कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है.
आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों के दौरान एक-दो जगहों पर आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है. राज्य के कुछ हिस्सों में 6 और 7 जून को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
50 से 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात होने का भी अनुमान है. 8 और 9 जून को भी कई इलाकों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है.
रायपुर और बिलासपुर सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया. रायपुर और बिलासपुर सबसे गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
रायपुर का मौसम
शनिवार को मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में बादल छाए रहने की संभावना है. आंधी-तूफान, बारिश या धूल भरी आंधी चलने की भी आशंका जताई गई है. शहर का अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं, जिसका असर आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिलेगा. हालांकि, बारिश की संभावना के बावजूद, राज्य के कई हिस्सों में अभी भी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है.
छत्तीसगढ़ में कब दस्तक देगा मानसून?
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून को केरल पहुंच चुका है. हालांकि, छत्तीसगढ़ में अभी मानसून ने दस्तक नहीं दी है, लेकिन प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले सप्ताह तक मानसून छत्तीसगढ़ पहुंच सकता है.