रायपुर: राजधानी की गुढ़ियारी पुलिस ने ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा संचालित करने के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 9 लाख रुपए नकद बरामद किया है. इसके साथ ही 8 मोबाइल फोन और सट्टापट्टी भी जब्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 13 लाख रुपए है.
ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा पर पुलिस की कार्रवाई
क्राइम एंड साइबर पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गुढ़ियारी गोंदवारा ओवरब्रिज के नीचे कुछ लोग सट्टा संचालन कर रहे हैं. जिसके बाद थाने और क्राइम की संयुक्त टीम बनाकर रेड की कार्रवाई की गई. जिसमें दो लोगों को सट्टा खेलते हुए पकड़ा गया. उससे पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि ऑनलाइन बेटिंग एप के माध्यम से सट्टा खिलाया जा रहा है. इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की कब्जे से 9 लाख रुपए कैश बरामद किया गया है.
स्मृतिक राजनाला ने आगे जानकारी दी कि आरोपी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से सट्टा खिला रहे थे. आजाद चौक थाना अंतर्गत रामसागरपारा के एक मकान में सट्टा संचालित किया जा रहा था. मोबाइल फोन चेक करने पर उनके द्वारा ऑनलाइन बैटिंग साइट्स Cribet99.red.com के मास्टर आईडी के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा (बैटिंग) संचालित करना पाया गया. कुछ मोबाइल नंबरों से कॉलिंग कर सीधे क्रिकेट मैच के हार-जीत और सेशनवाईज दांव लगा रहा थे.
आरोपी में हिस्ट्रीशीटर भी शामिल
साइबर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सट्टा संचालित करने के मामले में एक आरोपी मनजीत सिंह भी है जिसके खिलाफ हत्या का प्रयास जैसे आधा दर्जन से ज्यादा मामले रायपुर के थाने में दर्ज है. पकड़े आरोपी मंजीत सिंह एवं रोहित मोटवानी से कॉलिंग नंबरों पर क्रिकेट मैच में हारजीत का दांव लगाकर हारने एवं जीतने वाले व्यक्तियों से कुछ प्रतिशत कमीशन के रूप में लेना बताया गया. जिस पर आरोपियों की पतासाजी कर उनके ठिकानों पर दबिश दी गई.
इस दौरान मंजीत सिंह, रोहित मोटवानी, हरीश सकलेचा एवं आकाश सिन्हा को मोबाइल फोन में ऑनलाईन सट्टा संचालित करते पकड़ा गया. इसके अतिरिक्त आरोपी रोहित मोटवानी एवं हरीश सकलेचा सट्टा पट्टी के माध्यम से भी सट्टा संचालित कर रहे थे.
पकड़े गए आरोपियों का नाम पता
पकड़े गए आरोपी राजा साहू निवासी प्रेम नगर शिव मंदिर के पास थाना गुढ़ियारी रायपुर. अभय साहू निवासी गुलाब नगर थाना गुढ़ियारी रायपुर. मंजीत सिंह निवासी गोंडवारा रोड अनुग्रह काम्पलेक्स थाना खमतराई रायपुर. रोहित मोटवानी निवासी रामसागरपारा हनुमान मंदिर के पीछे थाना आजाद चौक रायपुर. हरीश सकलेचा निवासी रामसागरपारा थाना आजाद चौक रायपुर. आकाश सिन्हा निवासी परशुराम नगर प्रोफेसर कॉलोनी थाना पुरानी बस्ती रायपुर है.