दोस्त की लव स्टोरी में फंस गया जांजगीर का सनत, डर के मारे किया सुसाइड, पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा

जांजगीर: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक युवक ने शुक्रवार को आत्महत्या कर ली। युवक फर्जी पुलिसकर्मी की धमकी से परेशान था। पुलिस ने इस मामले में कई खुलासे किए हैं। मृतक की पहचान सनत कुमार कश्यप के रूप में हुई है। वह ट्रक के एक शोरूम के वर्कशॉप में काम करता था। सनत ने शुक्रवार को अपने दोस्तों को एक वीडियो संदेश भेजने के बाद आत्महत्या कर ली थी।

मामले की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि वीडियो में सनत कश्यप ने दावा किया था कि उसे बलोदा थाना क्षेत्र की पंतोरा पुलिस चौकी से एक फोन आया था और उसे धमकाया गया था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वह फोन सचिन खरे ने किया था। सचिन पेशे से ड्राइवर है और पड़ोसी कोरबा जिले के गेवरा बस्ती का निवासी है।

लव अफेयर का है मामला
उन्होंने बताया कि सचिन खरे की 21 वर्षीय बहन 12 मार्च को कॉलेज जाने के नाम से घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बाद में सचिन खरे को पता चला कि उसकी बहन धीरेंद्र पाटले के साथ चली गई है। अपनी बहन की तलाश करते समय सचिन को पता चला कि सनत कश्यप और धीरेन्द्र पाटले दोस्त हैं इसलिए शायद उसे उसे उसके बहन के बारे में जानकारी हो। दोनों के बीच लंबे समय से अफेयर चल रहा था।

सचिन ने सनत कश्यप को किया था कॉल
इसके बाद सचिन ने धीरेंद्र पाटले के भाई के मोबाइल फोन से सनत कश्यप को फोन किया और खुद को पुलिसकर्मी बताकर उससे पूछताछ की। पुलिस द्वारा जारी की गई एक कॉल रिकॉर्डिंग में, खरे को छत्तीसगढ़ी भाषा में सख्त लहजे में बात करते हुए सुना जा सकता है। वह सनत कश्यप से उसकी पहचान, काम करने की जगह और पते के बारे में पूछ रहा है, और यह भी पूछ रहा है कि गुरुवार को वह कितनी देर तक धीरेन्द्र पाटले के साथ था।

सचिन खरे ने दी थी चेतावनी
सचिन खरे ने सनत कश्यप को धमकी दी कि ‘अगर वह सुरक्षित रहना चाहता है’ तो पंतोरा पुलिस चौकी पर हाज़िर हो, और चेतावनी दी कि अगर वह ऐसा नहीं करेगा तो वह खुद उसके काम करने की जगह पर आ जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि फोन आने के बाद सनत कश्यप डर गया था। पुलिस ने बताया कि उसने आत्महत्या करने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया जिसमें उसने घटना के बारे में बताया और उसे अपने दोस्तों को भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि खरे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा विस्तृत जांच की जा रही है।