सुकमा नक्सल एनकाउंटर अपडेट, 5 लाख की इनामी नक्सली बूस्की नुप्पों ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

सुकमा: बस्तर में सुरक्षाबलों का एंटी नक्सल ऑपरेशन तेज गति से जारी है. नारायणपुर, बीजापुर और गरियाबंद में नक्सल एनकाउंटर के बाद अब सुकमा में फोर्स ने नक्सल विरोधी अभियान में सफलता अर्जित की है. गुरुवार को सुकमा के गादीरास थाना क्षेत्र में नक्सल मुठभेड़ में एक महिला नक्सली मारी गई है. महिला नक्सली की पहचान बूस्की नुप्पों के रूप में हुई है. वह मलांगीर एरिया कमेटी की सदस्य थी.

मुठभेड़ में मारी गई महिला नक्सली की हुई पहचान: सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि एनकाउंटर में मारी गई नक्सली की पहचान बूस्की नुप्पों के रूप में हुई है. उसके ऊपर 5 लाख रुपये का इनाम था. वह मलांगीर एरिया कमेटी की सदस्य थी. उसके ऊपर 9 नक्सल वारदात के केस दर्ज थे. यह सभी केस सुकमा और दंतेवाड़ा में दर्ज किए गए थे.

मुठभेड़ में मारी गई महिला नक्सली की जानकारी: मुठभेड़ में मारी गई नक्सली बूस्की नुप्पों नक्सलियों के संगठन में एसीएम पद पर कार्यरत थी. वह दंतेवाड़ा के अरनपुर जिले की रहने वाली थी. उसके ऊपर शासन ने 5 लाख का इनाम घोषित किया था. एसपी ने बताया कि बूस्की नुप्पों मलांगीर एरिया कमेटी में काफी दिनों से सक्रिय थी.

नक्सली ACM बूस्की नुप्पों पर केस का विवरण: नक्सली बूस्की नुप्पों पर कितने केस थे इस बारे में पुलिस ने जानकारी दी है.

थाना अरनपुर में बूस्की नुप्पों के खिलाफ 7 केस दर्ज हैं
थाना कुंआकोंडा में बूस्की नुप्पों के खिलाफ 1 केस दर्ज है
थाना गादीरास में एक केस दर्ज है.
मुठभेड़ स्थल से भारी संख्या में हथियार बरामद: सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से भारी संख्या में हथियार बरामद किए हैं. इन हथियारों का विवरण जानिए

315 बोर रायफल: 1
315 रायफल कारतूस : 5
वायरलेस सेट: 1
डेटोनेटर: 08
कोर्डेक्स वायर :10 मीटर
जिलेटिन रॉड : 4
पिट्टू- 1
बारूद
रेडियो-1 और कई नक्सल सामान मिले हैं.

सुकमा नक्सल एनकाउंटर की पूरी जानकारी: सुकमा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार को सुरक्षा बलों को गुपड़ी के जंगल इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली. इस पर डीआरजी और जिला पुलिस बल के जवान इलाके में सर्चिंग अभियान पर निकले. जवान जैसे ही गुपड़ी के जंगल के नजदीक पहुंचे, नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी. सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की. कुछ देर तक चली इस मुठभेड़ में एक महिला नक्सली बूस्की नुप्पों मारी गई और बाकी नक्सली मौके से भाग निकले.

नक्सल एनकाउंटर से माओवादियों को झटका: पुलिस फोर्स का कहना है कि इस नक्सल एनकाउंटर में महिला नक्सली के मारे जाने से नक्सलियों को झटका लगा है. मारी गई महिला नक्सली माओवादियों की कमांडर के रूप में एसीएम पद पर कार्यरत थी.

सुकमा में एंटी नक्सल ऑपरेशन में आएगी तेजी: सुकमा के एसपी किरण चव्हाण ने कहा है कि आने वाले समय में नक्सल एनकाउंटर में तेजी आएगी. सिक्योरिटी फोर्स लगातार नक्सली इलाकों में दबाव बनाए हुए हैं.

आने वाले दिनों में भी सर्च अभियान तेज किया जाएगा ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और नक्सलियों की पकड़ कमजोर हो- किरण चव्हाण, एसपी, सुकमा

ग्रामीणों से पुलिस की अपील: सुकमा पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपने इलाके में किसी भी तरह की नक्सल गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, जिससे फोर्स को नक्सल ऑपरेशन में और मदद मिल सके. पुलिस का कहना है कि वे नियद नेल्लानार योजना, लोन वर्राटू योजना और पूना मारगेम अभियान चलाए जा रहे हैं. इन योजनाओं के जरिए पुलिस फोर्स नक्सलियों को सरेंडर करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं.