छत्तीसगढ़ में AI से जन्मी दुनिया की सबसे छोटी गाय! ₹2000 लीटर बिकता है दूध, घी की कीमत सुनकर चौंक जाएंगे

Jashpur News: छत्तीसगढ़ के जशपुर ज़िले के गोढ़ीकला और करमीटिकरा गांवों में दुनिया की सबसे छोटी गाय कही जाने वाली पुंगनूर नस्ल की एक मादा बछिया का जन्म हुआ. बछिया का जन्म (आर्टिफिशियल-इनसेमिनेशन) कृत्रिम गर्भाधान से हुआ. इस बछिया के जन्म को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी.

जशपुर में जन्मी दुनिया की सबसे छोटी गाय
दरअसल, जशपुर जिले में पशुपालक खगेश्वर यादव की देशी गाय से आर्टिफिशियल-इनसेमिनेशन (कृत्रिम गर्भाधान) तकनीक के माध्यम से दुनिया की सबसे छोटी पुंगनूर नस्ल की मादा बछिया का जन्म हुआ है. यह नस्ल मुख्य रूप से तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में पाई जाती है और अपनी अत्यंत छोटी कद-काठी के कारण दुनिया में लोकप्रिय है. पुंगनूर गाय की ऊंचाई सिर्फ 17 से 24 इंच होती है और इसकी कीमत 2 से 10 लाख रुपये तक होती है. इस गाय के दूध की कीमत 1000 से 2000 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचती है, जबकि इसका घी 50 हजार रुपये प्रति किलो तक बिकता है.

PM मोदी के पास भी है ऐसी गायें
पशुपालक खगेश्वर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास मौजूद पुंगनूर गायों का वीडियो देखकर इस नस्ल को अपने गांव में लाने का निर्णय लिया. उन्होंने पत्थलगांव पशु चिकित्सालय के अधिकारी केके पटेल से संपर्क किया, जिन्होंने इस नस्ल को सीधे खरीदने के बजाय AI तकनीक से ब्रीडिंग का रास्ता सुझाया. इसके बाद एक निजी संस्था से पुंगनूर सांड का सीमेन मंगवाया गया और 29 जनवरी 2025 को कृत्रिम गर्भाधान कराया गया. लगभग 284 दिनों बाद 11 नवंबर 2025 को गाय ने स्वस्थ मादा बछिया को जन्म दिया.

दूर-दूर से इसे देखने आ रहे लोग
आज यह बछिया गांव में उत्सुकता का केंद्र बनी हुई है और लोग दूर-दूर से इसे देखने आ रहे हैं. यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ में उन्नत पशुपालन तकनीकों का एक प्रमुख उदाहरण बन गई है.