BJP Neta Shubham Singh: मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले के झगराखांड क्षेत्र के निवासी और भारतीय जनता पार्टी के नेता शुभम सिंह का एक वीडियो और रील सोशल मीडिया तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुलेआम जुआ खेलते हुए नजर आ रहे हैं. शुभम सिंह भाजपा मंडल हसदेव के सोशल मीडिया संयोजक पद पर हैं. जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है.
बताया जा रहा है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर एक रील के रूप में सामने आया है. वीडियो के साथ एक कैप्शन लिखा हुआ है, लोगों का ध्यान खींच रहा है. जिसमें लिखा है, ‘हमारा दबदबा है, हमारे इलाके में हर कोई जानता है, हम पर कोई हाथ नहीं डाल सकता.’ जब से यह वीडियो सामने आया है, तब से यह घटना हर तरफ चर्चा का विषय बन गई है.
हसदेव मंडल में सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर हैं शुभम सिंह
जानकारी के मुताबिक शुभम सिंह BJP के हसदेव मंडल में सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर के पद पर हैं. वीडियो के वायरल होने के बाद लोग इस पर अलग-अलग तरह से प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कुछ लोग इस घटना को पार्टी की छवि के संदर्भ में देख रहे हैं, जबकि कई अन्य इस मामले पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और कई यूजर्स इस पर सवाल उठा रहे हैं. हालांकि इस वायरल वीडियो के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के करीबी हैं शुभम सिंह
शुभम सिंह को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का करीबी माना जाता है. सोशल मीडिया पर मंत्री के साथ उनकी कई तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं. इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित अन्य भाजपा नेताओं और पुलिस अधिकारियों के साथ भी उनकी तस्वीरें सामने आई हैं, इन तस्वीरों और वायरल वीडियो के बाद यह सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर किसके संरक्षण में क्षेत्र में अवैध जुए का कारोबार संचालित हो रहा है और कानून की खुलेआम धज्जियां क्यों उड़ाई जा रही हैं.