पूरी तरह बदल गया छत्तीसगढ़ का मौसम, पूरे राज्य में सक्रिय हो गया मॉनसून; IMD का अलर्ट

रायपुर: Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आगामी दो दिनों के दौरान तेज बारिश होने का अनुमान जताया है। पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर तेज बारशि दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में आज सुबह से घने बादल छाए हुए हैं । मौसम विभाग के अनुसार शहर में बादल छाए रहने, तेज हवा चलने और बारिश होने के आसार हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। आइए जानते हैं पूरे छत्तीसगढ़ मौसम का हाल।

क्यों बदल रहा मौसम
छत्तीसगढ़ के मौसम पर अपडेट देते हुए मौसम विभाग ने बताया कि औसत समुद्र तल पर एक मौसमी द्रोणिका पंजाब से बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग तक फैली हुई है, जो समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तृत है। वहीं बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से तथा उससे लगे दक्षिणी बंगलादेश के ऊपर औसत समुद्र तल से 1.5 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है। इसके प्रभाव से शुक्रवार के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके अलावा उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है।

कहां कितना तापमान
छत्तीसगढ़ मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अब तक सामान्य से लगभग 60 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान बलरामपुर-रामानुजगंज में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 34 डिग्री, जशपुर में 33.5 डिग्री, अंबिकापुर में 33.1 डिग्री, कोरबा में 32.9 डिग्री, दुर्ग में 30.6 डिग्री तथा जगदलपुर में 28.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अगले दो दिनों तक बारिश में तेजी आने और कई स्थानों पर तेज से अत्यधिक बारिश होने का अनुमान जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

बता दें कि इस साल मॉनसून कमजोर रहने का अनुमान जताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस बार पिछले साल के मुकाबले छत्तीसगढ़ के साथ ही पूरे देश में कम बारिश होगी। इस दौरान किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें दिखने लगी हैं। मौसम विभाग ने बताया कि अब पूरे प्रदेश में मॉनसूनी बारिश शुरू हो गई है। इससे तापमान में गिरावट देखने को मिली है। तापमान में गिरावट के बाद लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तेज बारिश के बाद तापमान और नीचे जाने की संभावना जताई है।