यूपी की सीमा पर बादलों ने डाला डेरा, लू की विदाई; जानें कब बारिश?

इस खबर को शेयर करें

नई दिल्ली. देश का बड़ा हिस्सा इस समय हीटवेव का सामना कर रहा है। वहीं मॉनसून में हो रही देरी से लोग और भी परेशान हैं। तेज धूप और लू के थपेड़े कई राज्यों में जानलेवा साबित हो रहे हैं। हालांकि इसी बीच गर्मी को लेकर राहत की खबर आई है। वेदर डॉट कॉम की मानें तो 18 से 20 जून के बीच उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के बड़े हिस्से में बारिश की शुरुआत हो जाएगी। वहीं 20 जून को राजधानी दिल्ली में भी हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही लू की विदाई हो जाएगी।

बता दें कि इस साल सबसे ज्यादा लंबे समय तक लू का कहर जारी रहा है। सबसे ज्यादा दिनों तक ओडिशा में लू ने कहर बरपाया। वहीं राजधानी दिल्लीमें भी 23 दिन हीटवेव का असर रहा। अभी दो दिन हीटवेव जाने की गुंजाइश नजर नहीं आ रही है। रविवार को उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद का तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री तक पहुंच गया।

मौसम के जानकारों का कहना है कि 18 या 19 जून को उत्तर प्रदेश में प्री मॉनसून वाली बारिश की शुरुआत हो सकती है। वहीं अगले 3 से चार दिनों में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, उत्त पश्चिम बंगाल की खाड़ी से मॉनसून आगे बढ़ सकता है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में बारिश होने की अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। 19 जून से लू से राहत मिलनी शुरू हो जाएगा। इसके बाद हल्की बारिश का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा।

बादलों ने डाला डेरा, बारिश का इंतजार

वेदर डॉट कॉम की मानें तो उत्तर प्रदेश की सीमा पर अब बादलों ने डेरा डालना शुरू कर दिया है। ऐसे में छिटपुट बारिश का सिलसिला शुरू होने में देर नहीं है। वहीं 20 जून के बाद मॉनसूनी बारिश भी शुरू हो जाएगी। स्काइमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, सिक्किम, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी संभावना है।

एजेंसी के मुताबिक उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली को दो दिन बाद ही राहत मिलेगी। मध्य प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में रातें भी गर्म रहेंगी। 20 जून के बाद लू से राहत मिलने के आसार हैं।