Railway Station Singer Ranu Mondal: साल 2019 में रानू मंडल की एक वीडियो ने इंटरनेट पर तूफान ला दिया था. पश्चिम बंगाल के रानाघाट रेलवे स्टेशन पर वह लता मंगेशकर का मशहूर गीत ‘एक प्यार का नगमा है’ गा रही थीं. किसी ने उनका वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया और देखते ही देखते यह वीडियो लाखों लोगों तक पहुंच गया. लोग उनकी आवाज को ‘मां सरस्वती की देन’ कहने लगे और रानू मंडल रातोंरात देश की सबसे चर्चित सिंगर बन गईं.
हिमेश रेशमिया ने उन्हें बॉलीवुड में कैसे मौका दिया?
वायरल होने के बाद रानू मंडल को संगीतकार हिमेश रेशमिया ने अपनी फिल्म ‘हैप्पी हार्डी एंड हीर’ में गाने का मौका दिया. यह पल रानू के लिए किसी सपने से कम नहीं था. टीवी रियलिटी शोज में उनकी एंट्री हुई, मुंबई के म्यूजिक सर्कल से ऑफर मिलने लगे और कुछ समय तक वह सोशल मीडिया सेंसेशन बनी रहीं. ऐसा लग रहा था कि उनकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल चुकी है.
इतनी तेजी से मिली शोहरत क्यों टिक नहीं पाई?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुरुआती सफलता के बावजूद रानू मंडल इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाए रखने में कामयाब नहीं हो पाईं. कुछ महीनों बाद ही काम के मौके कम होने लगे और लोगों की दिलचस्पी भी धीरे-धीरे खत्म होती चली गई. आखिरकार रानू मुंबई छोड़कर कोलकाता के पास अपने पुराने घर लौट आईं और उनकी जिंदगी फिर से सादगी और संघर्ष में बदल गई.
आज रानू मंडल किस हालात में?
हाल ही में यूट्यूबर निशु तिवारी ने रानू मंडल से मुलाकात की, जिसका वीडियो सामने आया. वीडियो में उनका घर बेहद खराब हालत में नजर आया, जहां फर्श पर कचरा, टूटी दीवारें और कोनों में कीड़े दिखाई दिए. रानू को प्लास्टिक शीट पर खाना खाते देखा गया और बताया गया कि वह खाने और जरूरी सामान के लिए पड़ोसियों पर निर्भर हैं. जब उन्हें राशन दिया गया तो वह काफी खुश दिखीं और बोलीं कि सामान रखने के लिए उनके पास डिब्बा तक नहीं है.
वीडियो का एक पल लोगों को चौंका गया जब रानू मंडल कुछ सवालों के जवाब इंग्लिश में देती नजर आईं. पूछने पर उन्होंने कहा कि उन्होंने मुंबई में इंग्लिश सीखी थी. इसके साथ ही घर के अंदर पुराने सामान और कचरे के ढेर उनकी मौजूदा हालत और कभी मिली चमक-दमक के बीच का फर्क साफ दिखाते हैं.
किन परेशानियों से जूझ रही हैं रानू?
रानू के करीबियों का कहना है कि बीते सालों में उनकी मानसिक स्थिति भी खराब हुई है. कभी अचानक हंसना तो कभी गुस्सा करना उनके व्यवहार का हिस्सा बन गया है. आर्थिक रूप से भी वह दूसरों पर निर्भर हैं. रेलवे स्टेशन से बॉलीवुड स्टूडियो तक का उनका सफर जितना प्रेरणादायक था, उसके बाद आई गिरावट उतनी ही दर्दनाक है, जो वायरल फेम की नाजुक सच्चाई को सामने लाती है.