बॉलीवुड एक्टर जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा से ठगी मामले में एक बड़ी अपडेट आई है. मुंबई महानगरपालिका बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने अपने असिस्टेंट कमिश्नर महेश पाटिल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. पाटिल पर मशहूर अभिनेता जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी के साथ 16 करोड़ 24 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले में व्यवसायी निशित पटेल को गिरफ्तार किया गया है. उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 19 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया.
BMC असिस्टेंट कमिश्नर निलंबित
महेश पाटिल के निलंबन का आधिकारिक आदेश शुक्रवार को ही जारी कर दिया गया था, जिसे रविवार 7 जून को उन्हें सौंपा गया. खार पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही सहायक आयुक्त महेश पाटिल कानून के शिकंजे से बचने के लिए फरार हैं और उनका कोई अता-पता नहीं है.
शिकायत के मुताबिक, महेश पाटिल और उनके सहयोगियों ने बांद्रा इलाके में एक पुनर्विकास परियोजना Redevelopment Project में ऊंचे रिटर्न और भारी मुनाफे का लालच दिया था. इस जालसाजी के लिए बकायदा फर्जी और जाली कागजात तैयार किए गए थे. इस मामले में खार पुलिस ने महेश पाटिल सहित कुल पांच अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है.
क्या है धोखाधड़ी का पूरा मामला?
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने चेक, नकद राशि, विदेशी मुद्रा और महंगी घड़ियों के रूप में निवेशकों से लगभग 16.24 करोड़ रुपये जुटाए और बाद में उनके साथ कथित रूप से धोखाधड़ी की.
जब हबीबा जाफरी को कथित धोखाधड़ी का पता चला, तो उन्होंने इस महीने की शुरुआत में खार पुलिस से संपर्क किया. इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की. फिलहाल मामले की जांच जारी है. इस मामले में महेश पाटिल को निलंबित कर दिया गया है और निशित पटेल को गिरफ्तार किया जा चुका है.