एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह का भाई ड्रग मामले में फरार, गिरफ्तारी की पुलिस ने शुरू की तैयारी; पहले भी हो चुके हैं अरेस्ट

बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह के भाई अमनप्रीत सिंह एक ड्रग मामले में फरार चल रहे हैं. अमनप्रीत सिंह का नाम मसाबटैंक के तहत दर्ज ड्रग्स मामले में आरोपी के तौर पर सामने आया है. अमनप्रीत को पकड़ने के लिए ईगल टीम और स्थानीय पुलिस विशेष टीमें बना रही हैं. हाल ही में पुलिस ने ट्रूप बाजार से नितिन सिंघानिया और श्रेणिक सिंहवी नाम के दो व्यापारियों को गिरफ्तार किया. उनसे पूछताछ के दौरान अमनप्रीत का नाम सामने आया. पुलिस ने आरोपियों से करीब ग्राम ड्रग्स बरामद की है. इसके अलावा, ईगल टीम ने सबूत जुटाए हैं कि अमनप्रीत गिरफ्तार व्यापारियों से नियमित रूप से ड्रग्स खरीदता था.

पुलिस के मुताबिक, ऑन रिकॉर्ड अमनप्रीत के खिलाफ पिछले कुछ महीनों में ये दूसरा मामला है उनके खिलाफ और इससे पहले भी उन्हें ड्रग्स का सेवन करते हुए पकड़ा था. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस मामले में कुछ और प्रमुख लोग भी शामिल हैं. अगर अमनप्रीत मिल जाता है, तो इस नेटवर्क से जुड़े और भी अहम खुलासे होने की संभावना है. पुलिस मामले में जांच करेगी और इस केस को तह तक जानने का प्रयास करेगी.

पहले भी अरेस्ट हो चुके हैं अमन प्रीत सिंह
बीते साल जुलाई 2024 में भी हैदराबाद पुलिस ने कथित ड्रग्स मामले में अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह के भाई अमन प्रीत सिंह को चार अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया था. तेलंगाना एंटी-नारकोटिक्स विभाग ने इनके पास से 35 लाख कीमत की 199 ग्राम कोकीन, दस सेलफोन और दो पासपोर्ट जब्त किए. साइबराबाद के पुलिस आयुक्त अविनाश मोहंती ने कहा था कि अमन उन ग्राहकों में से एक है, जो ये ड्रग्स खरीदता था.

कौन है अमन प्रीत सिंह?
अमन प्रीत सिंह अपनी बहन की तरह ही एक एक्टर हैं. अमन ने तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री की कई फिल्मों में काम किया है, जिसमें निन्नेपेल्लाडाटा (2020) और प्रोडक्शन नंबर 1 (2020) शामिल हैं. इतना ही नहीं अमन बॉलीवुड में भी फिल्म रामराज्य (2020) से डेब्यू कर चुके हैं.अमन प्रीत सिंह अपनी बहन रकुल प्रीत सिंह के साथ स्टारिंग यू नाम की एक टैलेंट डिस्कवरी प्लेटफॉर्म भी चलाते हैं. यह प्लेटफॉर्म कलाकारों को प्रोड्यूसर्स, कंटेंट ओनर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स से जोड़ता है. अमन ने फिल्मों के साथ कई म्यूजिक वीडियो में भी काम किया है. अमन प्रीत सिंह ऐसे तो सोशल मीडिया पर अपनी बहन की वजह से कई बार सुर्खियों में आ चुके हैं. लेकिन इस बार उनके ड्रग्स केस में फंसने की खबरों ने लोगों को चौंका दिया है.