Dharmendra Health Improves: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र हाल ही में अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अब घर पर आराम कर रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी सेहत धीरे-धीरे बेहतर हो रही है और परिवार भी थोड़ा राहत महसूस कर रहा है. इसी बीच बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि धर्मेंद्र की तबीयत सुधर रही है तो ऐसे में हेमा मालिनी और परिवार के बाकी लोग उनका 90वां जन्मदिन मनाने की तैयारियों में जूट गया है, जिसमें सिर्फ 23 दिन बाकी हैं.
परिवार वालों के साथ-साथ उनके फैंस भी यही चाहते हैं कि सुपरस्टार जल्द से जल्द ठीक होकर पहले जैसे खुश और एक्टिव हो जाएं. एक सोर्स के मुताबिक, अगर सब ठीक रहा तो अगले महीने दो जन्मदिन सेलिब्रेट किए जाएंगे. पहला धर्मेंद्र का और दूसरा उनकी बेटी ईशा देओल का. धर्मेंद्र 8 दिसंबर को 90 साल के हो जाएंगे. वहीं, उनकी बेटी ईशा देओल का जन्मदिन 2 नवंबर को था. लेकिन धर्मेंद्र की खराब तबीयत होने की वजह से ईशा ने उस दिन बर्थडे सेलिब्रेशन नहीं किया.
23 दिन बाद मनाएंगे 90वां जन्मदिन
अब वो बस इस इंतजार में हैं कि उनके पापा पूरी तरह ठीक हो जाएं ताकि परिवार साथ बैठकर खुशियां मना सके. 89 साल के धर्मेंद्र को सांस में तकलीफ होने के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां उनको काफी दिन ICU में रखा गया. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चलता रहा. 4-5 दिनों तक अस्पताल में रहने के बाद उनको डिस्चार्ज कर दिया गया. हालांकि, इस बीच उनकी मौत की झूठी खबर भी वायरल हो गई थी, जिसने सभी को परेशान भी कर दिया था.
फैस गई थी मौत की झूठी अफवाहें
इसके बाद पत्नी हेमा मालिनी और ईशा देओल ने इन अफवाहों को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी भी जाहिर की थी और बताया था कि वे ठीक है और रिकवर कर रहे हैं. घर पहुंचने के बाद देओल परिवार ने एक ऑफिशियल बयान भी जारी किया था, जिसमें उन्होंने लोगों से प्राइवेसी की अपील की थी. बयान में लिखा गया था, ‘मिस्टर धर्मेंद्र अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं और घर पर आराम करेंगे. मीडिया और पब्लिक से गुजारिश है कि कोई गलत अफवाह न फैलाएं और परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें’.
वायरल हुआ था ICU वाला वीडियो
परिवार ने सभी फैंस और शुभचिंतकों का धन्यवाद भी किया और कहा कि सभी की दुआएं उनके लिए बहुत मायने रखती हैं. इस बीच सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र का एक वीडियो वायरल होने लगा, जिसमें वो ICU में बेड पर लेटे नजर आए थे. वीडियो में वो बेहोशी की हालत में दिखाई दे रहे थे और उनके पास उनका पूरा परिवार खड़ा था. सनी देओल और बॉबी देओल अपने पिता के पास खड़े थे जबकि सनी के बेटे करण और राजवीर भी वहीं मौजूद थे. इस वीडिया ने भी उनके सभी फैंस को काफी डरा दिया था.
परिवार ने अफवाहों ध्यान न देने का कहा
इस वीडियो के तेजी से वायरल होते ही फैंस भी चिंता में पड़ गए थे और सोशल मीडिया पर उनके लिए दुआएं करने लगे. हालांकि, परिवार ने किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. फिलहाल, धर्मेंद्र घर पर डॉक्टर्स की सलाह के मुताबिक आराम कर रहे हैं और उनकी हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है. फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि वो जल्द ही पूरी तरह ठीक हो जाएंगे. अगर सब ठीक रहा तो दिसंबर में उनका 90वां जन्मदिन परिवार के साथ खुशी से मनाया जाएगा.