पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के ग्लोबल स्टार दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने इंटरनेशनल कॉन्सर्ट्स को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं. दुनियाभर में अपनी दमदार फैन फॉलोइंग रखने वाले दिलजीत जहां भी परफॉर्म करते हैं, वहां लाखों की भीड़ उमड़ पड़ती है. हाल ही में दिलजीत दोसांझ ने कनाडा के कैलगरी में स्कोटियाबैंक सैडलडोम में अपने ऑरा वर्ल्ड टूर 2026 के तहत परफॉर्म किया था. इस दौरान का एक वीडियो सामने आया है. इसमें दिलजीत दोसांझ जो कहते सुनाई दे रहे हैं, उसने फैंस की चिंता बढ़ा दी है. आइए जानते हैं दिलजीत ने क्या कहा..
वायरल हुआ दिलजीत दोसांझ का वीडियो
कॉन्सर्ट केक वीडियो एक यूजर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है. इसमें सिंगर परफॉर्मेंस के बीच वह फैंस से पंजाबी में बात कर रहे हैं. दिलजीत कहते हैं, ‘मैं पहले ही इस दुनिया से जा चुका हूं. मुझे मौत से डर नहीं लगता. लास्ट दिसंबर में मैं इस शरीर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था. लेकिन अब इस शरीर को छोड़ने से पहले मुझे कुछ और काम करने हैं. ऐसे में कोई डरने की बात नहीं है. ये मामला सिर्फ पंजाब का मामला नहीं है. ये है और हमेशा रहेगा. मैं इस दुनिया को छोड़ चुका हूं. यही सच है. मैं इस स्टेज पर खड़ा हूं, और यही मेरा भगवान है.’
सिंगर आगे कहते हैं, ‘मुझे न तो मौत का डर है और ना ही किसी से कोई शिकायत. मैं सभी से प्यार करता हूं. प्यार, सम्मान और माफी. मैं इसे अपने जीवन में यथासंभव उतारने का प्रयास कर रहा हूं. जो लोग अभी भी मेरे साथ हैं, उनके लिए यही पंजाब का नाम है. मैं पंजाब हूं. आप क्या कहते हैं?’
खालिस्तान समर्थकों ने झंडे दिखाकर किया था हंगामा
30 अप्रैल को वैंकूवर में आयोजित दिलजीत के ‘औरा-2026’ म्यूजिक कॉन्सर्ट में कुछ लोग खालिस्तान समर्थक झंडों के साथ घुस गए. इन लोगों ने अचानक खालिस्तानी नारे लगाने शुरू कर दिए और कॉन्सर्ट में जमकर बवाल मचाया. इससे वहां मौजूद दर्शकों के बीच अफरा-तफरी मच गई. प्रदर्शनकारियों ने वैंकूवर में आयोजित इस कॉन्सर्ट में भारत विरोधी नारे लगाए और दिलजीत दोसांझ को बीजेपी और आरएसएस का एजेंट बताया. इस विरोध ने कुछ समय के लिए पूरे कार्यक्रम की दिशा बदल दी.
माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सिक्योरिटी टीम को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा. जब सुरक्षा कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने और स्थिति संभालने की कोशिश की, तो उनके साथ बहस और झड़प जैसी स्थिति भी बनी. हालांकि बाद में स्थिति को काबू में कर लिया गया और कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया. बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने आगे भी दिलजीत दोसांझ के शो के खिलाफ विरोध जारी रखने की चेतावनी दी है.