एक्टर आर माधवन सिर्फ हिंदी फिल्मों में ही एक जाना-पहचाना चेहरा नहीं है, बल्कि साउथ इंडस्ट्री में भी उनका बोलबाला काफी लंबे समय से है. उन्होंने कई बार अपनी फिल्मों में कुछ ऐसे किरदार निभाए, जिन्हें उनके अलावा शायद ही कोई उस तरह से पर्दे पर उतार पाता. आर माधवन ने अपने गुड लुक्स और वर्सेटाइल एक्टिंग से लाखों इंडियन्स के दिलों पर राज किया है. वहीं सिनेमा में उनके शानदार योगदान के लिए हाल ही में उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया था. 23 जून को राष्ट्रपति भवन में एक्टर आर माधवन को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा ये सम्मान दिया गया था. इस सेरेमनी के समय एक्टर के काम और अचीवमेंट्स को लेकर चर्चा हुई और इसी के साथ उनकी लग्जरी वॉच ने भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
सेरेमनी से वायरल हुई तस्वीरों को देखने के बाद हर कोई सोशल मीडिया पर आर. माधवन की इस लग्जरी वॉच की चर्चा कर रहा है. लेकिन आखिर इस घड़ी में ऐसा क्या है जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया?. इस घड़ी की खासियत क्या है?.
क्या है इस लग्जरी वॉच की खासियत?
‘धुरंधर’ एक्टर आर माधवन ने पद्मश्री सम्मान ग्राहण करने के दौरान कोई आम घड़ी नहीं पहनी थी. उन्होंने स्टाइलिश शूट के साथ 18 कैरेट रोज गोल्ड केस वाली 40 लाख की वॉच को कैरी किया था. इस घड़ी के मार्बल डायल पर एक मिनिएचर पेंटिंग शामिल है, जिसमें जयपुर के हवा महल की तस्वीर नजर आती है. जैसे ही आर माधवन की पद्मश्री फोटोज इंटरनेट पर अपलोड की गईं, वैसे ही लोगों का सीधा ध्यान उनकी इसी लग्जरी वॉच पर गया.
पूरी दुनिया में सिर्फ 10 पीस हैं अवेलेबल
आर माधवन की इस लग्जरी वॉच की कीमत करीब 40 लाख बताई जा रही है, जो कि एक लिमिटेड एडिशन घड़ी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरी दुनिया में इस घड़ी के सिर्फ 10 पीस अवेलेबल हैं और इनमें से एक आर माधवन के पास है. आपको बता दें कि ये घड़ी टाइटन नेबुला ‘जलसा’की है.
इमोशनल हुए आर माधवन
आर माधवन ने इस सम्मान को ग्राहण करने के बाद अपने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने जज्बातों को खुलकर बयां किया. उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘पद्म श्री से सम्मानित होने पर मैं बहुत विनम्र और आभारी महसूस कर रहा हूं और सच में सम्मानित महसूस कर रहा हूं. देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मानों में से एक से मुझे सम्मानित करने के लिए भारत सरकार का दिल से शुक्रिया. मैं महाराष्ट्र सरकार का भी उतना ही आभारी हूं जिन्होंने मेरा नाम सुझाया और मेरे सफर पर भरोसा जताया. यह सम्मान मेरे लिए हमेशा यादगार रहेगा.’
परिवार, फैंस और साथियों को दिया सम्मान
एक्टर ने आगे लिखा, ‘मैं हर उस व्यक्ति को जिसने मेरी फिल्में देखीं, मेरे किरदारों को अपनाया, मेरी सफलताओं का जश्न मनाया, मेरी कमियों को माफ किया और इतने सालों तक मेरे साथ खड़ा रहा – ये सम्मान उतना ही आपका है जितना मेरा. आपके प्यार ने ही मेरे जीवन और करियर के हर पड़ाव में मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है.’
आर माधवन ने आगे अपनी जिम्मेदारियों के बारे में बात करते हुए लिखा, ‘आज मुझे जिम्मेदारी का गहरा एहसास भी हो रहा है. ये सम्मान मुझे याद दिलाता है कि हर विशेषाधिकार के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी आती है. ईमानदारी, विनम्रता और मूल्यों को बनाए रखना, सिनेमा की उस दुनिया में सार्थक योगदान देना जिसने मुझे सब कुछ दिया है और जिस भी तरह से हो सके, अपने देश की सेवा करना. मैं यह सम्मान सिनेमा की जादुई दुनिया, मेरे साथ काम करने वाले हर कलाकार और टेक्नीशियन और अपने परिवार को समर्पित करता हूं जो मेरी ताकत रहे हैं…दिल से धन्यवाद. जय हिंद.’