हिमाचल में आई आपदा में फंसा रुबीना दिलैक का परिवार, एक्ट्रेस को सताई चिंता, बोलीं- मेरी बेटियां…

Rubina Dilaik: भारत के कई राज्यों में इस समय कुदरत का कहर देखने को मिल रहा। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन से हाल बेहाल है। एक्ट्रेस रुबीना दिलैक ने बताया कि उनका परिवार भी इससे जूझ रहा है।

टीवी एक्ट्रेस रुबीना दिलैक ने देशभर में बारिश से बिगड़े हालात और भूस्खलन को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने लिखा कि लोग बार-बार कमेंट कर रहे थे कि वो हिमाचल को लेकर बात क्यों नहीं कर रही हैं।

रुबीना ने अब पीड़ितों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करते हुए वीडियो शेयर किया। उन्होंने कहा- हिमाचल में बारिश की वजह से कितनी तबाही हो रही, सड़कें बह गईं, भूस्खलन हो गया, पेड़ गिर गए, कनेक्शन टूट गया।

उन्होंने आगे कहा कि उनके पास कहने को कुछ नहीं है। कुदरत के आगे कोई कुछ नहीं कर पाएगा। पिछले 3 दिनों से उनके परिवार के यहां भी बिजली नहीं है, नेटवर्क नहीं है।

रुबीना ने कहा कि शिमला में उनके फार्महाउस पर उनके माता-पिता, दादी और उनकी जुड़वां बेटिया रहती हैं। एक्ट्रेस की अपने परिवार से बात नहीं हो पा रही लेकिन उनका परिवार सेफ है।

एक्ट्रेस ने वीडियो में आगे कहा कि जिस परिस्थिति से हम गुजर रहे हैं, हम केवल प्रार्थना ही कर सकते हैं। यहां घर बैठे-बैठे चिंता तो रहती है।

रुबीना ने बताया कि वो और उनके पति अभिनव शुक्ला पिछले 2 हफ्ते से अपनी फ्लाइट बार-बार रीस्केड्यूल कर रहे हैं। कभी कहीं भूस्खलन हो रहा, कभी कहीं तो उन्हें मौका नहीं मिल रहा।

जब 15 दिन पहले रुबीना हिमाचल गई थीं तो 3 दिनों तक भूस्खलन की सिचुएशन में फंस गई थीं। उन्होंने कहा कि उनका परिवार भी इससे जूझ रहा और वो सभी पीड़ितों के लिए प्रार्थना करती हैं कि सब जल्दी खत्म हो जाए। रुबीना ने कहा कि अगर सोशल मीडिया के जरिए किसी तरह की मदद या फंड जुटाने की जरूरत है तो वो जरूर आगे आएंगी।