Satish Shah Death: बॉलीवुड और टीवी का जाना माना नाम रहे एक्टर सतीश शाह का शनिवार को निधन हो गया. वे किडनी संबंधी लंबी बीमारी से जूझ रहे थे. 25 अक्टूबर दोपहर 2.30 बजे उन्होंने 74 साल की उम्र में आखिरी सांस ली. सतीश शाह ने अपने करियर में ढेरों फिल्मों में काम किया. हालांकि उन्हें घर-घर में फेमस टीवी शो ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ में इंद्रवदन साराभाई उर्फ इंदु के रोल ने बनाया था. इस कॉमेडी शो में सतीश का काम कमाल था. आज भी इंस्टाग्राम पर शो से उनके क्लिप्स वायरल होते हैं.
अशोक पंडित ने शेयर किया पोस्ट
फिल्ममेकर ने इंस्टाग्राम पर निधन की खबर साझा करते हुए लिखा- ‘दुख और सदमे के साथ आपको यह सूचित करना पड़ रहा है कि हमारे प्रिय मित्र और शानदार अभिनेता सतीश शाह का कुछ घंटे पहले किडनी फेल होने के कारण निधन हो गया. उन्हें तुरंत हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली. यह हमारे उद्योग के लिए एक बड़ी क्षति है. ओम शांति.’
गुजरात में हुआ था सतीश शाह का जन्म
उनका जन्म गुजरात के मांडवी में हुआ था. सतीश ने मुंबई के जेवियर कॉलेज में पढ़ाई की और फिर फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से एक्टिंग का प्रशिक्षण लिया. 1972 में उन्होंने डिजाइनर मधु शाह से शादी की थी. कोविड-19 महामारी के दौरान वे इस बीमारी से जूझे, लेकिन ठीक हो गए थे.
सतीश शाह ने अपने करियर की शुरुआत बॉलीवुड फिल्म ‘भगवान परशुराम’ से की. इसके बाद वे ‘अरविंद देसाई की अजीब दास्तान’, ‘गमन’, ‘उमराव जान’, ‘शक्ति’, ‘जाने भी दो यारो’ और ‘विक्रम बेताल’ जैसी फिल्मों में नजर आए. उनकी कॉमेडी और शानदार अभिनय ने दर्शकों का दिल जीता.
कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर थे सतीश शाह
सतीश शाह भारतीय टेलीविजन के दिग्गज हास्य अभिनेता थे, जिन्होंने कई यादगार टीवी शोज में अपनी कॉमिक टाइमिंग और बहुमुखी प्रतिभा से दर्शकों का दिल जीता. उनके टीवी करियर की शुरुआत 1980 के दशक में हुई और वे मुख्य रूप से सिटकॉम्स व रियलिटी शोज के लिए जाने जाते हैं.
सतीश शाह के किए सभी शोज उन्हें ‘कॉमेडी किंग’ बनाते हैं. उनके अन्य छोटे-मोटे टीवी अपीयरेंस में ‘Wagle Ki Duniya’ और ‘Nukkad’ जैसी शुरुआती सीरीज शामिल हैं. उनके निधन के बाद भी ये शोज नेटफ्लिक्स, हॉटस्टार और यूट्यूब पर उपलब्ध हैं, जहां प्रशंसक उनकी विरासत को जीवंत रखते हैं.
सतीश शाह के करियर पर डालें एक नजर
सतीश शाह का जन्म 25 जून 1951 को मुंबई में हुआ था. बचपन से ही अभिनय की ओर उनका रुझान था. उन्होंने फिल्म एंड टेलीविज़न इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया (FTII), पुणे से अभिनय की शिक्षा ली. यहीं से उनके करियर की नींव पड़ी.सतीश शाह ने 1970 के दशक के अंत में फिल्मों में कदम रखा था. उन्होंने 200 से अधिक फिल्मों में काम किया, जिनमें कई सुपरहिट फिल्में शामिल हैं. उनकी बड़ी फिल्मों में ‘जाने भी दो यारो’ (1983), ‘मासूम’ (1983), ‘कभी हां कभी ना’ (1994), ‘हम आपके हैं कौन..!’ (1994), ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ (1995), ‘कल हो ना हो’ (2003), ‘ओम शांति ओम’ (2007), ‘मैं हूं ना’ (2004), ‘रा.वन’ (2011), ‘चलते-चलते’, ‘मुझसे शादी करोगी’ जैसी फिल्में शामिल हैं.