हरियाणा में बारिश से 12 की मौत, सरकार देगी 4 लाख का मुआवजा

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को बताया कि राज्य में हाल की भारी बारिश के चलते अलग-अलग जिलों में मकान गिरने की घटनाओं में 12 लोगों की जान गई है. इनमें फतेहाबाद, भिवानी और कुरुक्षेत्र जैसे जिले शामिल हैं. भिवानी के कलिंगा गांव में एक घटना में तीन बच्चियों की मौत हो गई थी.

मृतकों के परिवार को 4-4 लाख की सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की वित्तीय सहायता तुरंत जारी कर दी गई है. इसके अलावा मंत्रिमंडल के सभी मंत्री, बीजेपी विधायक और सरकार को समर्थन दे रहे तीन निर्दलीय विधायक अपनी एक माह की सैलरी राहत कार्यों के लिए देंगे.

राहत और बचाव कार्य जारी
सैनी ने बताया कि प्रभावित जिलों के लिए 3.26 करोड़ रुपये का रिजर्व फंड जारी किया गया है. इस राशि का इस्तेमाल खाने-पीने का सामान, कपड़े, अस्थायी शरणस्थल, पशुओं के लिए चारा, पेट्रोल-डीजल और राहत सामग्री की ढुलाई पर किया जा रहा है. मेडिकल टीमों को भी प्रभावित इलाकों में भेजा गया है.