पंचकूला. हरिय़ाणा के पंचकूला के पहाड़ी क्षेत्र मोरनी में एक बड़ा हादसा हुआ है. यहां पर थार गाड़ी में सवार चार युवक गाड़ी समेत खाई में जा गिरे,जिसमें से युवक अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों को पंचकूला के सेक्टर 6 अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से एक की हालत गंभीर होने के चलते पीजीआई रेफर कर दिया गया है. फिलहाल इस मामले को लेकर चंडी मंदिर थाना पुलिस जांच पड़ताल कर रही है. पुलिस का कहना है कि हादसा कैसे हुआ, इसको लेकर घायलों के बयान दर्ज किए जाएंगे.
दरअसल, पंचकूला के मोरनी में ये चारों युवक घुमने निकले थे. हादसे में पंचकूला के सेक्टर 15 के रहने वाले अभिषेक (23) की मौत हो गई. वहीं, हादसे में उसके तीन दोस्त ललित, आयुष ठाकुर और विवेक गंभीर रूप से घायल हो गए. विवेक को पीजीआई रेफर कर दिया गया है.
बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के पंचकूला और मोरनी मार्ग पर मांधना गांव के पास 3 बजे यह घटना पेश आई और फिर सुबह साढ़े 8 बजे मिली. मृतक अभिषेक ने कोरोना काल में 10वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और हरमिलाप नगर में ढाबा चलाता था. घायलों को घटना के करीब 5 घंटे बाद मदद मिली. मोरनी चौकी इंचार्ज जगदीश ने बताया कि घायल युवकों के बयान दर्ज किए जाएंगे. गौरतलब है कि पंचकूला के पहाड़ी क्षेत्र मोरनी में यह पहला हादसा नहीं है. इससे पहले भी कई बार सड़क हादसे हो चुके हैं और अक्सर पहाड़ी क्षेत्र मोरनी में घूमने आए लोग हादसों का शिकार हो जाते हैं.