गोहाना: हरियाणा के सोनीपत जिले में गोहाना हाईवे पर हादसे में पति पत्नी और उनकी मासूम बेटी की मौत हो गई. गांव खेड़ी धमाका के पास इको गाड़ी और ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर में तीन लोगों की जान चली गई. गांव के ही रहने वाले तीन लोग हुए घायल सभी घायलों को खानपुर महिला मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है.
परिवार के सदस्यों ने बताया कि अशोक खेती-बाड़ी का कार्य करता था. वह रविवार शाम के समय गोहाना में अपनी पत्नी और बेटी के साथ कुछ सामान लेने के लिए आया था. इस दौरान वापस अपनी ही गाड़ी से गांव की तरफ लौट रहा था तो गोहाना के पास गांव के ही उसके तीन और लोग खड़े दिखे तो तीनों को अपनी गाड़ी में बिठा लिया. जैसे ही अशोक गांव के पास पहुंचा तो सड़क के किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर ट्राली में उसकी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही पति, पत्नी और उनकी बेटी की मौत हो गई.
हादसे मे हुई तीनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत खानपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भेजा गया.परिवार का कहना है कि मृतक अपने घर का एकमात्र सहारा था और अब उसकी बुजुर्ग मां अकेली रह गई है. पूरे गांव बिधल में इस हादसे से शोक की लहर दौड़ गई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक परिवार को उचित मुआवजा और मदद दी जाए.
सदर थाना में वीरेंद्र ने बताया कि देर शाम सूचना मिली थी कि गोहाना सोनीपत हाईवे पर गांव खेड़ी के पास कोई हादसा हुआ है मौके बाजार कर देखा तो एक गाड़ी और ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर हुई थी. सभी घायलों को उपचार के लिए खानपुर महिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. इस मामले में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है. मृतकों की पहचान गांव बीधल के अशोक, उसकी पत्नी आशु और इकलौती डेढ़ साल की बेटी चेष्टा के रूप में हुई है.