शराब के नशे में धुत्त महिला हरियाणा रोडवेज की बस में हुई बेसुध, 2 थानों की पुलिस अपनी हद को लेकर उलझी रही

महेंद्रगढ़. हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में एक बस में सफर कर रही महिला बेसुध हो गई. महिला ने शराब पी थी औऱ नशे में वह होश खो बैठी. हालांकि, जब पुलिस को सूचना दी गई तो दो थानों के कर्मचारी अपने दायरे को लेकर उलझे रहे. फिर बाद में किसी तरह महिला को पुलिस ले गई.

दरअसल, महेंद्रगढ़ में हरियाणा रोडवेज बस में एक महिला सफर कर रही थी. अचानक महिला के नशे में बेसुध होने से हड़कंप मच गया. यह मामला उस समय सामने आया जब महेंद्रगढ़ से अटेली की ओर आ रही रोडवेज बस में यात्रा कर रही महिला बेसुध अवस्था में पाई गई. बस चालक और परिचालक ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम गांव जासावास बस स्टैंड पर पहुंची. हालांकि, टीम के साथ महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं होने के कारण महिला को बस के माध्यम से ही आगे बस स्टैंड तक ले जाने की बात कही गई. इसके बाद मामले की जानकारी महेंद्रगढ़ शहर थाना पुलिस को दी गई. इस दौरान थाना क्षेत्र को लेकर महेंद्रगढ़ शहर थाना और सदर थाना पुलिस के बीच कुछ समय के लिए असमंजस की स्थिति बनी रही. शहर थाना पुलिस का कहना था कि जासावास बस स्टैंड सदर थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए कार्रवाई सदर थाना पुलिस की की जानी चाहिए. अंततः महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से डायल 112 टीम महिला को महेंद्रगढ़ सदर थाना लेकर पहुंची.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला के पास कट्टे में शराब की एक बोतल भी मिली और वह नशे की हालत में थी. वहीं, महेंद्रगढ़ रोडवेज अड्डा इंचार्ज हरिकिशन ने बताया कि यह बस महेंद्रगढ़ से अटेली जा रही थी और महिला के नशे में होने की सूचना पुलिस को दी गई थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ ले गई. उन्होंने बताया कि महिला अटेली से महेंद्रगढ़ के लिए बस में सवार हुई थी. फिलहाल पुलिस द्वारा महिला की पहचान और पूरे मामले की जांच की जा रही है.