झज्जर। बिठला गांव में धान की फसल में काम कर रही एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर में ले जाया गया। जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने सामान्य अस्पताल झज्जर रेफर कर दिया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घाेषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करने के बाद मृतका के स्वजनों को सौंप दिया है। बिठला गांव निवासी सुशीला देवी के रूप में मृतका की पहचान हुई है।
बिठला गांव निवासी बलवंत सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी सुशीला देवी के साथ अपने खेतों में काम कर रहा था। खेत में काम करते समय अचानक सुशीला की तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में वह उसे तुरंत जमालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर पहुंचा।
जहां पर चिकित्सक ने सुशीला की गंभीर हालत को देखते हुए झज्जर रेफर कर दिया। जहां पर पहुंचने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि करीब 55 वर्षीय महिला सुशीला देवी के चार बच्चे हैं। जिसमें दो लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं। लड़कियों की शादी की जा चुकी है, जबकि दोनों लड़कों की अभी शादी नहीं हुई है।
मामले के जांच अधिकारी एएसआई महेश कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बिठला गांव एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई है। सामान्य अस्पताल पहुंचकर मृतका के पति के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है। महिला की मौत के असल कारणों का खुलासा विसरा रिपोर्ट आने के बाद हो पाएगा। फिलहाल पोस्टमार्टम के दौरान शव से विसरा लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।