मुजफ्फरनगर में हरियाणा से चोरी की बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार, चाकू भी बरामद

मुजफ्फरनगर। खालापार थाना पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ आरोपित को गिरफ्तार किया। इसके कब्जे से चाकू भी बरामद किया गया। आरोपित ने लगभग 10 माह पहले यह बाइक हरियाणा से चोरी की थी। महीनों तक बाइक को घर में खड़े करके रखा। जैसे ही बाइक लेकर आज बाहर निकला तो पुलिस ने दबोच लिया।

खालापार थाना प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह चौहान ने बताया कि शुक्रवार को फक्करशाह चौकी के पास उप निरीक्षक असगर अली चेकिंग कर रहे थे। तभी उन्हें मुखबिर की सूचना मिली कि तहसील के बराबर वाली गली से चोरी की बाइक के साथ एक आरोपित जा रहा है।

असगर अली ने पहुंचकर परवेज उर्फ मोनू पुत्र मेहराज निवासी दक्षिणी खालापार को दबोच लिया। उसके पास से हरियाणा नंबर की बाइक मिली, जिसे वह पैदल ही लेकर जा रहा था। आरोपित ने पूछताछ में बताया कि उसने आरएस वाटरपार्क बडावदा जिला रिवाड़ी हरियाणा से लगभग 10 माह पहले चोरी की थी।

काफी दिनों तक बाइक को घर में छिपाकर रखा। जब वह बाइक लेकर जाने लगा तो वह स्टार्ट नहीं हुई। इसलिए वह बाइक को मिस्त्री के पास लेकर जा रहा था। आरोपित ने बताया कि चाकू को वह लोगों को डराने के लिए अपने पास रखता है।

आरोपित मोनू के खिलाफ मंसूरपुर, नई मंडी, सिखेड़ा, नगर कोतवाली, खालापार और हरियाणा के रिवाड़ी जनपद में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, पशु क्रूरता समेत अन्य गंभीर धाराओं में कुल 13 मुकदमे दर्ज है।