हिसार। हरियाणा में 24 से 48 घंटों के लिए अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और यमुनानगर में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, ठंडी हवाएं चलने से दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जिससे ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति बनी रहेगी।
कोहरा बना जानलेवा
प्रदेश में सर्दी के साथ लौटे घने कोहरे ने सोमवार सुबह जनजीवन और यातायात दोनों को प्रभावित किया। कई जिलों में दृश्यता 5 मीटर से भी कम रही, जबकि कुछ स्थानों पर जीरो विजिबिलिटी जैसी स्थिति बनी।
सुबह के समय घने कोहरे और ठंडी हवाओं के चलते सड़कें हादसे भी हुए। सिरसा में स्कूल बस और पिकअप की टक्कर में पिकअप चालक की मौत हो गई। भारतीय मौसम विभाग, चंडीगढ़ ने हरियाणा के आठ जिलों में कड़ाके की ठंड को लेकर मंगलवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें हिसार, रोहतक, करनाल, अंबाला, गुरुग्राम और भिवानी में पाला गिरने या शीतलहर जैसी स्थिति की चेतावनी दी गई है।
ओलावृष्टि की संभावना
वहीं 4 व 5 फरवरी को दक्षिण और पश्चिम हरियाणा (हिसार, भिवानी, चरखी दादरी) में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि होने की भी संभावना जताई गई है।5
इन जिलों में हुए हादसे
सिरसा (कालांवाली): रोड़ी रोड पर स्कूल बस और पिकअप की सुबह आमने-सामने टक्कर में पिकअप चालक की मौत हो गई। बस चालक घायल है। बस में सवार बच्चे सुरक्षित रहे।
हिसार (बरवाला): घने कोहरे के कारण हरियाणा रोडवेज की बस अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतर गई। बस में सवार करीब 50 यात्री सुरक्षित रहे, बड़ा हादसा टल गया।
हांसी (बड़ाला रोड): धुंध के कारण स्विफ्ट कार मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी जुलाना के थे और हिसार में कोर्ट पेशी पर जा रहे थे।
नहीं उड़ पाया सीएम का हेलीकॉप्टर
सोमवार सुबह खराब मौसम के कारण चंडीगढ़ में सुबह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हेलिकाप्टर भी उड़ान नहीं भर सका। उन्हें फतेहाबाद में पंडित जसराज की जयंती पर हो रहे राज्यस्तरीय कार्यक्रम में पहुंचना था। बाद में वे विशेष विमान से देरी से कार्यक्रम में पहुंचे। दूसरी ओर कोहरे के असर से करनाल में 16 ट्रेन देरी से चलीं, चार ट्रेन को रद भी किया गया।