अनंत राज का बड़ा ऐलान: हरियाणा में ₹25,000 करोड़ का निवेश, शेयर 4% उछला

रियल एस्टेट और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की कंपनी अनंत राज लिमिटेड के शेयर मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 4 प्रतिशत तक चढ़ गए। कंपनी ने हरियाणा में डेटा सेंटर और क्लाउड सर्विसेज कारोबार के विस्तार के लिए ₹25,000 करोड़ निवेश करने की घोषणा की है। इस खबर के बाद निवेश इस स्टॉक पर टूट पड़े।

बड़े निवेश की घोषणा के बाद निवेशकों ने अनंत राज के शेयरों में खरीदारी की। सुबह अनंत राज के शेयर 560 रुपये पर खुले और 563.25 रुपये के डे हाई को टच कर गए। बाद में मुनाफावसूली के चलते 546 रुपये तक आ गए। पिछले 5 दिन में यह स्टॉक करीब 9 प्रतिशत चढ़ा है। पिछले एक महीने में कंपनी का शेयर लगभग 10 प्रतिशत चढ़ चुका है। इस तेजी के साथ शेयर ने वर्ष 2026 में अब तक सकारात्मक रिटर्न के दायरे में वापसी कर ली है।

कंपनी ने शेयर मार्केट दी गई सूचना में बताया कि उसने हरियाणा सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर साइन किए हैं। यह MoU हरियाणा एंटरप्राइजेज प्रमोशन सेंटर (HEPC) के साथ ‘मेक इन हरियाणा पॉलिसी एंड अदर सेक्टोरल पॉलिसीज’ कार्यक्रम के दौरान किया गया।

हरियाणा बनेगा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर हब
स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में अनंत राज ने कहा कि यह समझौता हरियाणा में उसके डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर कारोबार को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। कंपनी राज्य में आधुनिक डेटा सेंटर और क्लाउड सेवाओं का नेटवर्क विकसित करेगी। इसके बदले हरियाणा सरकार ने कंपनी को सभी जरूरी मंजूरियां, सुविधाएं और कारोबार करने में आसानी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

कई सरकारी विभागों के साथ होगा सहयोग
इस समझौते के तहत अनंत राज, हरियाणा सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग, हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन, सिटीजन रिसोर्स इंफॉर्मेशन डिपार्टमेंट और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के साथ मिलकर काम करेगी। कंपनी का कहना है कि यह साझेदारी राज्य में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और इन्वेस्टमेंट को बढ़ावा देने में मदद करेगी।

निवेशकों की नजर आगे के डेवलपमेंट पर
विश्लेषकों का मानना है कि डेटा सेंटर और क्लाउड सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए अनंत राज का यह निवेश कंपनी के लिए लंबी अवधि में बड़ा अवसर साबित हो सकता है। हालांकि निवेशक अब इस प्रोजेक् के क्रियान्वयन और संभावित कमाई पर नजर बनाए रखेंगे।