Haryana News: हरियाणा में अब हथियारों, हिंसा और अश्लीलता को बढ़ावा देने वाले गानों पर नकेल कसने की पूरी तैयारी हो चुकी है. राज्य महिला आयोग और हरियाणा पुलिस दोनों ने ऐसे कंटेंट के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है. समाज, विशेषकर स्कूली और कॉलेज जाने वाले युवाओं पर पड़ रहे इसके नकारात्मक प्रभाव को देखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है.
महिला आयोग ने सीएम को लिखा पत्र
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर इस मामले में तुरंत एक ठोस नीति बनाने की अपील की है. आयोग का स्पष्ट मानना है कि इन गानों में हथियारों का बेवजह प्रदर्शन और महिलाओं के खिलाफ इस्तेमाल की जाने वाली आपत्तिजनक भाषा युवा पीढ़ी को गुमराह कर रही है. मनोरंजन के नाम पर परोसा जा रहा यह कंटेंट न सिर्फ महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि समाज में आक्रामकता और अपराध को भी बढ़ावा दे रहा है. पत्र में सुझाव दिया गया है कि ऐसे हिंसक और अश्लील गाने बनाने वाले कलाकारों के लाइव शो और सभी तरह के कार्यक्रमों पर प्रदेश में पूरी तरह से रोक लगा दी जाए.
पुलिस की रडार पर 29 गायक और 67 गाने
सरकार से अपील की गई है कि इस तरह के कंटेंट की निगरानी के लिए एक सख्त सिस्टम बनाया जाए. इसके साथ ही युवाओं को इन गानों के दुष्प्रभावों से बचाने और सकारात्मकता की ओर मोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएं. महिला आयोग की सख्ती के बीच हरियाणा पुलिस ने भी अपना एक्शन प्लान तैयार कर लिया है. पुलिस ने ऐसे गानों की एक ‘हिट लिस्ट’ तैयार की है, जिनमें गैंगस्टर्स का गुणगान किया गया है या जो अराजकता को बढ़ावा देते हैं.
पुलिस की रडार पर कई गायक
पुलिस की रडार पर कुल 29 गायक हैं. इनके 67 गानों को आपत्तिजनक श्रेणी में रखते हुए उन्हें बैन करने का फैसला किया गया है. इस लिस्ट में सबसे बड़ा नाम मासूम शर्मा का है, जिनके अकेले 19 गानों पर गाज गिरेगी. इसके अलावा आशु ट्विंकल के 8 गाने, मनीषा शर्मा के 7 गाने, और नरेंद्र भगाना व अमित सैनी रोहतकिया के 6-6 गानों को बैन किया जाएगा. अन्य प्रमुख गायकों में गजेंद्र फोगाट, ढांडा न्योलीवाला, अंकित बालियान, सुमित पारता और हर्ष संधू जैसे नाम भी इस पुलिस लिस्ट में शामिल हैं. प्रशासन के नए नियमों के तहत अब इन प्रतिबंधित गानों को किसी भी सार्वजनिक मंच, डीजे या कार्यक्रम में बजाने पर पूरी तरह से पाबंदी होगी. इतना ही नहीं, अगर कोई सिंगर अपने लाइव कॉन्सर्ट या किसी कार्यक्रम में इन गानों को गाता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ सीधे तौर पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.