पलवल। पलवल में भाजपा अल्पसंख्यक सैल के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे असगर खान ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का एलान कर दिया।ओमेक्स सिटी स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय में कांग्रेस जिलाध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने असगर खान का पार्टी में पटका पहनाकर और फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने भाजपा सरकार पर हर मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोग आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और भाजपा की झूठ की दुकान अब बंद हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही भाजपा के कई बड़े नेता, कार्यकर्ता और पार्षद कांग्रेस में शामिल होंगे। अधाना ने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो हर वर्ग का सम्मान करती है, जबकि भाजपा जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम करती है।
अधाना ने कहा कि आज हर तरफ भ्रष्टाचार और अपराध का बोलबाला है। सड़कों की हालत खराब है और जल निकासी की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने यमुना में आई बाढ़ से पलवल के गांवों में हुई तबाही के लिए भी भाजपा सरकार और जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि यदि समय पर उचित प्रबंधन किया जाता तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के लिए उचित मुआवजे की भी मांग की।