हरियाणा के फरीदाबाद में कार के अंदर मिले दो सगे भाइयों के शव, एक सेना से रिटायर्ड

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद जिले के पल्ला थाना क्षेत्र में देर रात कार के अंदर दो लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। नवीन नगर चौकी इलाके के अगवानपुर गांव जाने वाली सड़क पर एक करा खड़ी थी। कार के अंदर दो सगे भाइयों के शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार को खोला। कार के अंदर दोनों व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़े मिले। पुलिस ने दोनों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सिविल अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

बड़ा भाई कुंदन कुमार सेना से रिटायर्ड
मृतकों की पहचान कुंदन कुमार (44) और रंजन कुमार (38) के रूप में हुई। दोनों मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बड़ा भाई कुंदन कुमार सेना से रिटायर्ड बताया जा रहा है। छोटा भाई रंजन कुमार एक पैर से दिव्यांग था। दोनों फरीदाबाद के रोशन नगर इलाके में साथ रह रहे थे। पुलिस की शुरुआती जांच में दम घुटने से मौत की आशंका।बताया जा रहा है कि कार सुबह करीब 10 बजे से सड़क किनारे खड़ी थी। करीब 10 घंटे से ज्यादा समय तक कार खड़ी रहने पर लोगों को हुआ शक।

पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद होगा खुलासा
स्थानीय लोगों ने शक होने पर पुलिस को दी सूचना। पुलिस ने कार से मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को सूचना दी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने मामले की पुष्टि की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।