सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. वायरल वीडियो में कुछ लोग बच्चे को इस कदर तालिबानी सजा दे रहे हैं कि वह चीख रहा है, रो रहा है. लेकिन जालिमों का दिल थोड़ा भी नहीं पसीजा और उसपर जुल्म करते रहे. बताया जा रहा है कि यह वीडियो हरियाणा के सोनीपत जिले का है. इसमें एक बच्चे को थर्ड डिग्री देकर टॉर्चर दिया जा रहा है. वायरल वीडियो में दो लोग बच्चे का हाथ-पैर मरोड़ रहे हैं और थप्पड़ मार रहे हैं. फिर जमीन पर गिराकर बच्चे के ऊपर बैठ गए. इसके बाद कैपेसिटर से करंट लगाया. बच्चा रो-रोकर गुहार लगा रहा है और बार-बार यह कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि मेरी मां को बुला दो.
दुकानदार को शक था कि बच्चे ने चुराई है बैटरी
यह वीडियो सोनीपत के सेक्टर-15 की हाउसिंग बोर्ड मार्केट का है. बताया जा रहा है कि इसमें बिजली रिपेयरिंग का काम करने वाला एक शॉपकीपर व उसका बेटा इस बच्चे को बेरहमी से पीट रहे थे. उन्हें शक था कि बच्चे ने बाइक की बैटरी चुराई. इसके बाद उसको प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. इस दौरान चुपके से इस पूरी घटना को किसी ने छत से मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया.
थाना प्रभारी ने कहा- दोनों पक्षों से नहीं मिली कोई शिकायत
बताया ये भी जा रहा है कि एक नेता के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों का समझौता करवा दिया गया. हालांकि समझौता करवाने वाले का नाम सार्वजनिक तौर पर सामने नहीं आया है. समझौते के बाद इस घटना का वीडियो वायरल हो गया. वहीं इस घटना को लेकर सोनीपत के सेक्टर- 27 थाना प्रभारी सवित कुमार ने कहा कि दोनों पक्षों से कोई शिकायत नहीं मिली है.