रोहतक: पानीपत से किडनैप हुए 12 साल के बच्चे को शनिवार को रोहतक में सकुशल बरामद कर लिया गया। रोहतक जिला के किलोई गांव के नजदीक अपहरणकर्ताओं की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में 2 बदमाशों को पैरों पर गोली लगी। पुलिस टीम ने बदमाशों की एक महिला साथी को भी हिरासत में लिया है। पानीपत में थर्मल प्लांट की महिला एक्सईएन के 12 साल के बेटे का शुक्रवार को अपहरण कर लिया गया था और रात को व्हट्सएप कॉल कर परिवार से डेढ़ करोड़ रूपए की फिरौती मांगी गई थी। शनिवार को रोहतक क्षेत्र में पुलिस के चारों तरफ से बढ़ते दबाव के चलते बदमाश बच्चे को गाड़ी से फेंककर भागने की फिराक में थे। पुलिस ने घायल बदमाशों को पीजीआईएमएस रोहतक में भर्ती कराया गया है। जबकि बच्चे को भी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।
पानीपत थर्मल प्लांट की एक्सईएन का बेटा
पानीपत थर्मल प्लांट की एक्सईएन सुनीता, थर्मल कॉलोनी में रहती है। उसके पति जयपुर में डीजीएम हैं। शुक्रवार शाम को वह 12 साल के बेटे कबीर को घर पर छोड़कर ऑफिस गई थी। रात के समय लौटी तो बेटा घर पर नहीं था। उसकी तलाश की गई लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। रात के समय बच्चे के पिता के मोबाइल नंबर पर एक व्हट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि कबीर उनके पास है और फिर डेढ़ करोड़ रूपए की फिरौती मांगी। फिरौती न देने पर बच्चे को मारने की धमकी दी। यह सूचना पुलिस का मुहैया कराई गई। पानीपत पुलिस की अपराध जांच शाखा को शनिवार सुबह सूचना मिली कि बच्चे का अपहरण करने वाले बदमाश रोहतक क्षेत्र में हैं। इसके बाद पानीपत के अलावा गोहाना और रोहतक पुलिस की टीम भी बदमाशों की तलाश में जुट गई।
बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस की विभिन्न टीम रोहतक जिला के किलोई गांव के नजदीक मौके पर पहुंची तो पानीपत नंबर की कार में सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। यही नहीं पुलिस की गाड़ी को भी टक्कर मारी गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने चलती कार से बच्चे को बाहर फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस दौरान 2 बदमाशों के पैर में गोली लगी। कार में एक महिला भी सवार थी। पकड़े गए बदमाशों की पहचान पानीपत की थर्मल कॉलोनी निवसी विशाल, सुंदर नगर पानीपत निवासी आदेश और महिला की पहचान रोहतक के भराण गांव की शारदा के रूप में हुई। दोनों घायल बदमाशों को पहले इलाज के लिए किलोई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, इसके बाद उन्हें पीजीआईएमएस रोहतक रैफर कर दिया। पुलिस को बदमाशों की कार से 2 पिस्टल और 2 चाकू भी मिले हैं।
ऐसे बनाया किडनैपिंग का प्लान
पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया है कि 12 साल का यह बच्ची गाड़ी में घूमने और गाड़ी चलाने का शौकीन था। इस बात का एक छात्र को पता था। शुक्रवार शाम को यही छात्र बच्चे को घर से गाड़ी में घूमने के बहाने लेकर बाहर की ओर आया था। इसके बाद बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया। पहले ये बदमाश बच्चे को लेकर यूपी गए और रात को यूपी से ही व्हट्सएप कॉल कर डेढ़ करोड़ रूपए की फिरौती मांगी। फिर रात भर बदमाश कार को इधर-उधर घुमाते रहे और फिर रोहतक की ओर ले गए, जहां पुलिस ने इन बदमाशों की लोकेशन मिल गई।