CM की घोषणा: लाडो लक्ष्मी योजना में बदलाव, अब महिलाओं को हर महीने नहीं, इकट्ठे पैसे देगी सरकार

चंडीगढ़: हरियाणा में पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए देने की बीजेपी सरकार की सरकार और फ्लैगशिप स्कीम लाडो लक्ष्मी योजना में अब बदलाव होगा। अब हर महीने की बजाय महिलाओं को सरकार इकट्ठे पैसे देगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज हिसार में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर माह दी जाने वाली 2100 रुपए की लाडो लक्ष्मी योजना में बदलाव होगा। सरकार इस रकम को हर महीने देने की बजाए साल में दो किस्तों में देने पर विचार कर रही है ताकि एक बड़ी रकम एक साथ मिल सके।

इस रकम को महिलाएं अपने किसी कार्य के लिए एक साथ उपयोग कर सकेंगी। चाहें तो किसी रोजगार या छोटे व्यवसाय की शुरुआत भी कर पाएंगी। सैनी ने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना को विस्तार देने पर भी मंथन चल रहा है। अभी एक लाख रुपये तक की आय वाले परिवारों की महिलाओं को इस योजना का लाभ दिया जा रहा है। अगले चरण में इसको बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।

1 नवंबर को योजना हुई थी लागू
हरियाणा सरकार ने इस योजना के लिए 5,000 करोड़ का प्रावधान किया है। हरियाणा में एक लाख रुपए सालाना आय वाली 23 से 60 साल तक की 19 लाख 62 हजार महिलाएं हैं। इस योजना को प्रदेश में तीन विभाग संचालित कर रहे हैं। समाज कल्याण विभाग, पंचायत विभाग और क्रीड संयुक्त रूप से इस योजना को सुचारू करने में लगे हुए हैं। राज्य के स्थापना दिवस यानि 1 नवंबर को योजना की पहली किस्त जारी की गई थी। पात्र महिलाओं के खातों में 2100 रुपये प्रति माह की पहली किस्त सीधे ट्रांसफर की थी।

सिर्फ ऐप से ही आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए महिला की उम्र 23 वर्ष या इससे अधिक होनी चाहिए। वह कम से कम 15 वर्ष से हरियाणा की निवासी होनी चाहिए। इसके अलावा परिवार की आय एक लाख रुपए वार्षिक होनी चाहिए। वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा, निराश्रित महिला के लिए वित्तीय सहायता, दिव्यांग या अन्य पेंशन पाने वाली महिलाएं इस योजना की पात्र नहीं होंगी। आवेदन फॉर्म मोबाइल एप के जर‍िए ही भरा जाएगा। इसके ल‍िए सबसे मोबाइल में लाडो लक्ष्‍मी योजना का मोबाइल एप डाउनलोड करना होगा।