हरियाणा में घनी धुंध का अलर्ट, कल से बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना

चंडीगढ़: हरियाणा में सुबह के समय ज्यादातर इलाकों में अति घना कोहरा छाया हुआ है. जिससे विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में कड़ाके की ठंड और घनी धुंध का दौर जारी है. आज यानी शुक्रवार को घनी धुंध का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में ठिठुरन बनी रहेगी और मौसम शुष्क रहेगा.

इस दिन बदलेगा मौसम: वहीं, 31 जनवरी की रात नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में दस्तक देगा. जिसका असर हरियाणा में 1-2 फरवरी को देखने को मिल सकता है. फरवरी में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना है. कई क्षेत्रों में 50 से 75% बारिश का पूर्वानुमान है.

भिवानी में सबसे ज्यादा तापमान: राज्य में तापमान की बात करें तो राज्य में धूप खिलने के कारण दिन के पारे में हल्की बढ़ोतरी होगी और रात के समय शीतलहर के चलते मौसम ठंडा बना रहेगा, जिसके चलते पारा गिरेगा. राज्य में सबसे अधिक तापमान भिवानी में 22.5 डिग्री दर्ज किया गया. यहां बीते 24 घंटे में तापमान में 8 डिग्री का बड़ा उछाल आया है. औसतन अधिकतम तापमान में राज्य में करीब 1 डिग्री की वृद्धि हुई है.

31 जनवरी तक धुंध: हालांकि, रोहतक और हिसार में दिन का तापमान अभी भी सामान्य से 3 डिग्री तक कम बना हुआ है. यहां दोपहर में भी हल्की ठिठुरन रहेगी. आज यानी शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा और दिनभर धूप खिली रहेगी. मौसम विभाग ने 31 जनवरी तक धुंध सवेरे और रात को धुंध रहने की संभावना जताई है. जबकि 31 जनवरी देर रात गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की व कहीं मध्यम बारिश का भी पूर्वानुमान लगाया गया है. 2-3 फरवरी तक राज्य के इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है और 4 फरवरी से मौसम शुष्क व शीतलहर की संभावना है.