‘हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता’, राहुल गांधी का BJP पर निशाना, हरियाणा सरकार को बताया घुसपैठिया

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को मिली बंपर जीत विपक्ष के ज्यादातर नेताओं के गले नहीं उतर रही है। एक तरफ TMC चीफ और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हार के बाद भी इस्तीफा देने से इनकार कर चुकी हैं तो वहीं अब लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस लीडर राहुल गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने दावा किया है कि हर छठा सांसद (बीजेपी का) वोट चोरी से जीता है। उन्होंने कहा है कि अगर निष्पक्ष चुनाव होंगे तो बीजेपी 140 सीटें भी नहीं जीत पाएगी।

निष्पक्षता से 140 सीटें भी नहीं जीत पाएंगे
वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार। लोकसभा के 240 BJP सांसदों में से, मोटे तौर पर हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है। पहचानना मुश्किल नहीं- क्या उन्हें BJP की भाषा में ‘घुसपैठिए’ कहें? और हरियाणा? वहां तो पूरी सरकार ही ‘घुसपैठिया’ है। जो संस्थाएं अपनी जेब में रखते हैं, जो मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया को तोड़-मरोड़ देते हैं- वो खुद ‘remote controlled’ हैं। उन्हें असली डर सच्चाई का है। क्योंकि निष्पक्ष चुनाव हो जाएं, तो आज ये 140 के पास भी नहीं जीत सकते।
राहुल गांधी, कांग्रेस लीडर और लोकसभा में विपक्ष के नेता

पश्चिम बंगाल में जनादेश की चोरी हुई
राहुल गांधी ने इससे पहले पश्चिम बंगाल और असम के नतीजों के बाद भी बीजेपी पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि असम और पश्चिम बंगाल में ‘जनादेश की चोरी’ देश के लोकतंत्र को नष्ट करने के भारतीय जनता पार्टी के ‘मिशन’ के तहत उठाया गया बड़ा कदम है। कांग्रेस के ‘कुछ लोगों’ और उन दूसरे लोगों को अच्छी तरह समझने की जरूरत है जो पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की हार से खुश हो रहे हैं। राहुल गांधी ने आगे कहा था कि क्षुद्र राजनीति को किनारे रखें, यह किसी एक पार्टी या दूसरी पार्टी के बारे में नहीं है, यह भारत के बारे में है।

ममता बनर्जी ने भी खड़े किए थे सवाल
बता दें कि बीजेपी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। बीजेपी 207 सीटें जीतकर पहली बार राज्य में सरकार बनाने जा रही है। बंगाल में बीजेपी की जीत पर ममता बनर्जी भी सवाल उठा चुकी हैं। उन्होंने नतीजे वाले दिन दावा किया था कि बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में 100 सीटों की जीत दर्ज की है। ममता के दावों का ही राहुल गांधी समर्थन कर रहे हैं।

5 राज्यों में किस पार्टी को मिली जीत?
पश्चिम बंगाल में बीजेपी को बंपर जीत मिली है। पार्टी ने 207 सीटें जीतीं। 80 सीटों के साथ TMC दूसरे नंबर पर रही।
असम में बीजेपी को दोबारा बहुमत मिल गया। पार्टी ने यहां 82 सीटों पर जीत दर्ज की। 19 सीटों के साथ कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही।
केरल में कांग्रेस ने जबरदस्त जीत हासिल की। 63 सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी जीते। 26 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर CPIM रही।
तमिलनाडु में एक्टर से पॉलिटिशियन बने विजय सबसे आगे रहे, उन्हें 108 सीटें मिलीं। हालांकि, वो बहुमत का आंकड़ा 118 पार नहीं कर पाए।
पुडुचेरी में ऑल इंडिया NR कांग्रेस ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की है। बीजेपी इनका सहयोगी दल है, जिसे 4 सीटें मिलीं। दूसरे नंबर पर 5 सीटों के साथ DMK रही।