हरियाणा में खुला बिना फीस वाला ‘सरकारी मैरिज ब्यूरो’! BJP विधायक बोलीं- चुनाव जीत गए, अब कुंवारों का घर बसाएंगे

रेवाड़ी: चुनाव के दिनों में नेताओं को आपने बिजली, पानी, सड़क और नौकरी के वादे करते तो खूब सुना होगा, लेकिन हरियाणा में एक ऐसी विधायक हैं जिन्होंने युवाओं को रोजगार के साथ-साथ ‘घर बसाने’ का भी भरोसा दे दिया था. जी हां, हम बात कर रहे हैं पटौदी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की विधायक बिमला चौधरी की. रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव में बीजेपी की बंपर जीत के बाद अब विधायक जी अपना वो अनोखा वादा पूरा करने के मूड में आ गई हैं. उन्होंने बाकायदा ऐलान कर दिया है कि जितने भी लड़के कुंवारे घूम रहे हैं, वे अपना-अपना बायोडाटा लेकर उनके पास आ जाएं, वह सबकी शादी करवाएंगी!

रेवाड़ी की जीत के बाद धन्यवाद सभा में हुआ ‘शादी’ का ऐलान
दरअसल, रेवाड़ी नगर परिषद के चुनाव में बीजेपी की उम्मीदवार विनीता पीपल ने शानदार जीत दर्ज की है. इसी जीत का जश्न मनाने और जनता का आभार जताने के लिए गुरुवार को रेवाड़ी में एक भव्य धन्यवाद कार्यक्रम रखा गया था. इस कार्यक्रम में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी के साथ हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव भी विशेष रूप से पहुंची थीं. मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए और बाद में मीडिया से बातचीत में विधायक बिमला चौधरी ने अपने चुनावी वादे को याद किया. उन्होंने साफ शब्दों में कहा,
मैंने चुनाव प्रचार के दौरान जो वादा किया था, मैं आज भी अपनी उस जुबान पर पूरी तरह कायम हूं. अगर आपकी नजर में कोई भी कुंवारा लड़का है, तो तुरंत उसका बायोडाटा मुझे लाकर दीजिए. रेवाड़ी, बिजलीघर और रामपुरा इलाके में हमने पहले भी फर्रुखनगर और पटौली की बहुत सी लड़कियों की शादियां कराई हैं. अब जो भी लड़के कुंवारे बचे हुए हैं, उनका घर बसाने की जिम्मेदारी भी मेरी है.

चुनावी जनसभा में जब खुला था ‘बिना फीस वाला मैरिज ब्यूरो’
दरअसल, इस वादे की शुरूआत हुई थी रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव के प्रचार के दौरान. रेवाड़ी के गोल चक्कर पर आयोजित एक बड़ी चुनावी रैली में बिमला चौधरी ने मंच संभाला था. उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा था, ‘मेरी माताओं और बहनों! आप बस विनीता पीपल को भारी मतों से जिताकर भेज दो. शहर के विकास का जिम्मा तो हमारा है ही, लेकिन आज मैं इस मंच से एक और गारंटी दे रही हूं. जिन युवाओं की शादियां नहीं हो पा रही हैं और जो कुंवारे बैठे हैं, उनकी शादी कराने का जिम्मा भी मेरा है. आप बस हमें अपना आशीर्वाद (वोट) दीजिए.’

विधायक के मुंह से यह बात सुनते ही पूरी जनसभा ठहाकों से गूंज उठी थी. मंच पर बैठीं स्वास्थ्य मंत्री आरती राव भी अपनी हंसी नहीं रोक पाई थीं. आरती राव ने तब चुटकी लेते हुए कहा था, ‘आज तो बिमला चौधरी ने वाकई गजब कर दिया. विकास की बात तो ठीक थी, लेकिन अब तो ऐसा लगने लगा है कि बिमला जी ने रेवाड़ी में अपना ‘मैरिज ब्यूरो’ ही खोल दिया है. देखना यह है कि वे अपना यह वादा कैसे पूरा करती हैं.’

स्वास्थ्य मंत्री ने अब फिर लिए मजे, बोलीं- ‘कोई कुंवारा हो तो बताओ’
अब जब चुनाव के नतीजे आ चुके हैं और बीजेपी की विनीता पीपल चेयरपर्सन बन गई हैं, तो विधायक साहिबा अपना वादा निभाने मैदान में उतर आई हैं. धन्यवाद कार्यक्रम के दौरान भी जब बिमला चौधरी ने बायोडाटा मांगने की बात दोहराई, तो पास खड़ीं स्वास्थ्य मंत्री आरती राव फिर हंस पड़ीं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में वहां मौजूद लोगों से कहा, ‘भाई! यहां पर भी अगर कोई कुंवारा घूम रहा हो, तो शर्माओ मत, इन्हें (बिमला चौधरी को) बता दो, ये तुरंत शादी करवा देंगी.’

बिमला चौधरी ने खुद को पलवल की बेटी बताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा ’36 बिरादरी’ को अपना मानकर वोट मांगा है. उन्होंने कहा, ‘मैंने यहां के लड़कों को अपना भाई-बेटा समझकर काम किया है. पलवल में मैंने पहले भी कई शादियां करवाई हैं और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा. अब रेवाड़ी का कोई भी नौजवान कुंवारा नहीं रहेगा.’

अनपढ़ से 10वीं पास तक का सफर: विधायक बिमला चौधरी का प्रोफाइल
बिमला चौधरी हरियाणा बीजेपी का एक बेहद दिलचस्प और चर्चित चेहरा हैं. वह पटौदी (SC रिजर्व) सीट से दूसरी बार विधायक चुनी गई हैं. साल 2014 में बिमला चौधरी पहली बार बीजेपी के टिकट पर विधायक बनी थीं. उस समय चुनावी हलफनामे में उन्होंने खुद को ‘अनपढ़’ घोषित किया था. तो वहीं, साल 2019 के चुनाव में बीजेपी ने उनका टिकट काट दिया था. लेकिन, साल 2024 में पांच साल बाद पार्टी ने उन पर फिर भरोसा जताया और मैदान में उतारा. इस बार जब उन्होंने नामांकन भरा, तो उनके हलफनामे ने सबको चौंका दिया. बिमला चौधरी अब ’10वीं पास’ हो चुकी थीं. उन्होंने साल 2018 में नेशनल ओपन स्कूल (NIOS) से मैट्रिक की परीक्षा पास की थी. 2024 के इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस की मजबूत उम्मीदवार पर्ल चौधरी को शिकस्त दी थी.

जब ओपी धनखड़ ने कहा था- ‘बिहार से लाएंगे बहू’
हरियाणा की राजनीति में ‘कुंवारे और शादी’ का यह कोई पहला दिलचस्प मामला नहीं है. इससे पहले साल 2014 के विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी के दिग्गज नेता ओमप्रकाश धनखड़ भी अपने एक ऐसे ही बयान को लेकर भारी विवादों में घिर गए थे. तब धनखड़ ने एक चुनावी रैली में कहा था कि अगर हरियाणा में बीजेपी की सरकार बनती है, तो राज्य का कोई भी युवा कुंवारा नहीं रहेगा. उन्होंने कहा था कि वे बिहार से लड़कियां लाएंगे और यहां के युवाओं की शादी करवाएंगे. हालांकि, बाद में इस बयान पर हरियाणा से लेकर बिहार तक काफी बवाल मचा, जिसके बाद धनखड़ को सफाई देनी पड़ी थी.