जींद के सब इंस्पेक्टर के बेटे पर FIR: दहेज में कैश-लग्जरी कार मांगी; पत्नी-बेटी को घर से निकाला

जींद: जींद जिले में एक बार फिर ‘खाकी’ के साये में घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि सीआईए जींद में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर के बेटे ने पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। वह गुरुग्राम में एक कंपनी में इंजीनियर है। जींद के ललित खेड़ा गांव की रहने वाली अंजू रानी ने महिला थाना में दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 15 मार्च 2021 को ईक्कस गांव निवासी संदीप के साथ हुई थी। शिकायत के अनुसार, शादी में उसके पिता ने करीब 45 लाख रुपए खर्च किए थे। इसमें 7 लाख रुपए नकद, 20 तोला सोना और अन्य घरेलू सामान दिया गया था।

SI ससुर पर लगाए धौंस दिखाने के आरोप

आरोप है कि शादी के महज 15 दिन बाद ही ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज और ‘फॉर्च्यूनर’ गाड़ी की मांग को लेकर उसे ताने देने लगे और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। संदीप के पिता जगमाल सिंह ढुल जींद पुलिस में सब इंस्पेक्टर (SI) हैं। विवाहिता का कहना है कि वे अपनी पद और पावर का धौंस दिखाकर उसे चुप रहने की धमकी देते हैं।

बोली- गुरुग्राम में पति के दूसरी महिला से संबंध

शिकायत में अंजू ने बताया कि उसके पति संदीप गुरुग्राम की एक कंपनी में इंजीनियर हैं। वहां उसका किसी अन्य युवती के साथ अवैध संबंध है। इसका पता चलने पर जब उसने (अंजू) ने इसका विरोध किया, तो उसे बेरहमी से पीटा गया। विवाहिता का कहना है कि पति के अवैध संबंधों का विरोध करने पर उसे व उसकी बेटी को घर से बाहर निकाल दिया गया।

10 लाख रुपये और फॉर्च्यूनर की मांग शिकायत के मुताबिक, उसके पति व ससुरालियों ने उससे जींद के सेक्टर में मकान खरीदने के लिए 10 लाख रुपए नकद और एक लग्जरी गाड़ी की मांग जारी रखी। मांग पूरी न होने पर 28 फरवरी 2025 को आरोपियों ने अंजू और उसकी तीन साल की बेटी को मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। उसका पूरा ‘स्त्रीधन’ (जेवर और कीमती सामान) अपने कब्जे में रख लिया।

करीब एक साल से वह अपने मायके में रह रही है। बीच-बचाव के लिए पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन ससुराल पक्ष अपनी मांगों पर अड़ा रहा और दहेज का सामान वापस करने से भी इनकार कर दिया।

आपसी बातचीत में नहीं निकला समाधान

महिला थाना जींद की प्रबंधक अफसर एसआई मोनिका ने बताया कि ‘समझौता सदन’ में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई, लेकिन मामला सुलझ नहीं सका। शिकायतकर्ता अपने ससुरालवालों पर कार्रवाई की मांग पर अड़ी रही। पुलिस ने इस पर आगे की कार्रवाई शुरू की।

प्राथमिक जांच और काउंसलिंग के आधार पर पति संदीप के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और धमकी देने की धाराओं (115, 316(2), 351(2), 85 BNS) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ससुर, सास और ननद की भूमिका की जांच जारी है; यदि उनके खिलाफ पुख्ता सबूत मिलते हैं, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

तारीख/समय मुख्य घटना विवरण
15 मार्च 2021 विवाह संपन्न अंजू रानी और संदीप कुमार का विवाह जींद में हुआ। पिता ने करीब 45 लाख रुपये खर्च किए।
30 मार्च 2021 प्रताड़ना की शुरुआत शादी के मात्र 15 दिन बाद ही ससुराल पक्ष ने कम दहेज और फॉर्च्यूनर कार के लिए ताने देना शुरू किया।
वर्ष 2022 बेटी का जन्म शादी के बाद बेटी का जन्म हुआ, लेकिन ससुराल वालों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
मध्य 2023-24 धोखाधड़ी का खुलासा पीड़िता को पति के अन्य युवती के साथ अवैध संबंधों का पता चला; विरोध करने पर उसे बुरी तरह पीटा गया।
वर्ष 2024 पंचायत का आयोजन विवाद बढ़ने पर पंचायत बुलाई गई, आरोपियों ने भविष्य में प्रताड़ित न करने का वादा किया, जो बाद में झूठा निकला।
अगस्त 2024 नई मांग: ₹10 लाख आरोपियों ने जींद के सेक्टर में घर खरीदने के नाम पर मायके से 10 लाख रुपये नकद लाने का दबाव बनाया।
28 फरवरी 2025 घर से निकाला गया मारपीट के बाद पीड़िता को उसकी मासूम बेटी के साथ घर से बाहर निकाल दिया गया। सारा स्त्रीधन ससुराल वालों ने छीन लिया।
15 अक्टूबर 2025 पुलिस में शिकायत पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक (SP) जींद को न्याय के लिए लिखित शिकायत सौंपी।
9 फरवरी 2026 FIR दर्ज महिला थाना जींद में पति संदीप के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा (No. 15) दर्ज हुआ।