चंडीगढ़: हरियाणा के करनाल में पराली जलाने के मामले में तीन किसानों पर कार्रवाई की गई है. कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने पराली जलाने के आरोप में तीन किसानों पर एफआईआर दर्ज की है. उन पर 30 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है और ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर ‘रेड एंट्री’ भी कर दी गई है. इस कार्रवाई के बाद ये किसान अगले दो सीजन तक एमएसपी पर अपनी फसल नहीं बेच पाएंगे.
तीनों किसान घरौंडा ब्लॉक से हैं. इन पर वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1981 की धारा 39 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 223(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है. इस साल प्रशासन ने शून्य पराली जलाने का लक्ष्य रखा है.
2024 के गजट के मुताबिक, जुर्माने की राशि बढ़ा दी गई है. 2 एकड़ तक के लिए ₹5,000, पांच एकड़ तक के लिए ₹10,000 और 5 एकड़ से अधिक के लिए ₹30,000 का जुर्माना तय किया गया है.