हांसी में पूर्व सरपंच की हत्या, पोते, बेटे और पुत्रवधु पर आरोप, जमीन विवाद में लाठी-डंडों से पीटा

हांसी: कुंभा गांव में पूर्व सरपंच बरखा राम (80 वर्षीय) की हत्या उन्हीं के परिवार के सदस्यों ने लाठी-डंडों से पीटकर की. बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो गुटों में विवाद हुआ. जिसमें दोनों तरफ लाठी-डंडे चले. जिसमें पूर्व सरपंच बरखा राम की मौत हो गई. बुजुर्ग के साथ मारपीट करने का आरोप दो पोते, बेटा और पुत्रवधू पर है.

पोते-बेटे पर पूर्व सरपंच की हत्या का आरोप: ग्रामीणों का आरोप है कि परिवार के लोग बरखा राम के साथ अक्सर मारपीट करते थे. वो उन्हें ठीक से खाना भी नहीं देते थे. बरखा राम अधिकतर समय अपनी बेटियों के पास रहते थे. करीब 15 दिन पहले ही वो गांव लौटे थे. इनका जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी लालच में परिजनों ने इस वारदात को अंजाम दिया.

हांसी में पूर्व सरपंच की हत्या, पोते, बेटे और पुत्रवधु पर आरोप
‘ओमप्रकाश के साथ की जाती थी बदसलूकी’: ओमप्रकाश के रिश्तेदार ने बताया कि बुजुर्ग को दैनिक जीवन के काम करने से भी रोका जाता था. उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता था. जमीन विवाद की बात को लेकर दादा, पोते, बेटा और पुत्रवधू के बीच कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर अंकित ने कथित तौर पर बरखा राम पर हमला कर दिया. आरोप है कि लाठी-डंडों से की गई मारपीट में बुजुर्ग के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई.

पुलिस मामले की जांच में जुटी: जांच अधिकारी वीर सिंह ने बताया कि “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सदानंद और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. गंभीर रूप से घायल बरखा राम को नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है. पुलिस ने आरोपी अंकित को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह और नशे की लत को घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है. मामले की गहनता से जांच की जा रही है.”