हरियाणा के सोनीपत जिले में शनिवार शाम को गोहाना में जम्मू-कटरा हाईवे पर रोड रोलर से कार की भिड़ंत में चार दोस्तों की मौत हो गई. रोहतक जिले के ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष बलवान रंगा के बेटे सोमबीर समेत चार दोस्तों का रविवार को एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया.
चारों युवक रोहतक जिले के घिलौड़ गांव के रहने वाले थे और एक ही परिवार से थे. रविवार को चारों के शव गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया. यहां पर एक ही चिता पर चारों का अंतिम संस्कार कर दिया. उधर, अब बरोदा थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए हाईवे अथॉरिटी और रोड रोलर ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.
जानकारी के अनुसार, गोहाना के नागरिक अस्पताल में तीन और खानपुर महिला मेडिकल में एक युवक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंपा गया. फिर परिजन शवों को रोहतक ले गए. पुलिस को दी गई शिकायत में बलवंत सिंह ने बताया हादसा रुखी टोल से करीब एक किलोमीटर पहले रेलवे पुल के पास हुआ, जहां सड़क निर्माण कार्य चल रहा था. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार सड़क पर खड़ा किया गया रोलर बिना किसी चेतावनी संकेत या बैरिकेडिंग के छोड़ दिया गया था.
कार में सवार होकर काम से निकले थे
बताया जा रहा है कि चारों युवक सोमबीर, अंकित, लोकेश और दीपांक इंटरलॉकिंग टाइल बेचने के सिलसिले में कार से निकले थे. कार को सोमबीर चला रहा था, जबकि बाकी तीन उसके साथी पीछे बैठे थे. उनके पिता बलवान भी उसी काम के सिलसिले में दूसरे वाहन से पीछे आ रहे थे. रुखी टोल के पास सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा था और यहां पर न तो चेतावनी लाइट लगाई थी और न ही सुरक्षा बैरिकेड. अचानक सामने आए रोड रोलर से कार टकरा गई और फिर चारों युवकों के प्राण चले गए.
रोलर ड्राइवर की घोर लापरवाही के कारण हुआ हादसा
मृतक सोमबीर के पिता बलवान ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि यह हादसा हाईवे अथॉरिटी और रोड रोलर ड्राइवर की घोर लापरवाही के कारण हुआ. सड़क पर कोई चेतावनी संकेत या सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ. बलवान ने आरोप लगाया कि अगर निर्माण कार्य स्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन किया जाता तो उनके बेटे और उसके दोस्तों की जान बच सकती थी. सूचना मिलते ही चौकी भैसवान खुर्द प्रभारी पुलिस व बरोदा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचे थे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और FSL टीम को बुलाकर जांच करवाई। मौके की तस्वीरें और वीडियो लिए गए. मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने बलवान की शिकायत पर हाईवे अथॉरिटी और रोलर चालक के खिलाफ धारा 285 व 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर और जांच शुरू कर दी
चारों युवक अलग अलग काम करते थे
घिलौड कलां गांव के सरपंच अनिल ने बताया गांव के पूर्व सरपंच बलवान सिंह और ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष के बेटे सोमबीर टाइल की फैक्ट्री का काम संभालता था. उन्होंने बताया कि दीपांकर और अंकित गवर्नमेंट जॉब की तैयारी कर रहे थे. लोकेश एयरपोर्ट पर प्राइवेट जॉब करता था. गोहाना एक कार्यकम में पहुंचे कांग्रेस पार्टी से सोनीपत लोकसभा सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने चारों युवकों की मौत पर 2 मिनट का मौन धारण किया और उन्हें नमन किया.