हरियाणा के लिए अच्छी खबर: प्रदेश के सभी जिलों में खुलेंगे आयुष औषधालय, पारंपरिक चिकित्सा का मिलेगा लाभ

चंडीगढ़। हरियाणा के सभी जिलों में अब राजकीय आयुष औषधालय खोले जाएंगे। पहले चरण में पांच जिलों रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, करनाल, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में 26 आयुष औषधालय खोलने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीकृति दे दी है। अन्य जिलों में भी जल्द ही मैपिंग कराई जाएगी, ताकि आयुष औषधालय खोले जा सकें।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि आयुष औषधालय भारत की पारंपरिक स्वास्थ्य प्रणालियों को सुरक्षित, सस्ता और सुलभ बनाकर एक स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में मदद करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने सभी जिलों में आयुष औषधालय खोलने का निर्णय लिया है।

रेवाड़ी जिले के पांच गांवों लिसान, करवारा मानकपुर, रोहड़ाई, जयसिंहपुरा और झाबुवा, महेंद्रगढ़ के छह गांवों सुरजनवास, गुढ़ा, बुचावास, बावनिया, रामबास और रसूलपुर, करनाल के फफड़ाना, कुरुक्षेत्र के चार गांव अजराना कलां, कालसा, नलवी और मोहरी और यमुनानगर के 10 गांवों महियुद्दीनपुर, रतनगढ़, भांगड़ा, तलकपुर, खुर्दबन, ताजेवाला, हड़ौली, लेडी, कोट बासवा सिंह और गांव डारपुर में राजकीय आयुष औषधालय खोलने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई है।

आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य की जनता की सेहत के सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में सरकार आयुष पद्धति को बढ़ावा दे रही है। राज्य में आयुष सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। कुरुक्षेत्र में आयुष विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है।