हांसी : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी को जिला बनाने की घोषणा कर दी है. एक हफ्ते में हांसी को जिला बनाने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा. हांसी के जिला बनने के साथ ही अब हरियाणा में कुल 23 जिले हो जाएंगे.
हांसी बना हरियाणा का 23वां जिला : हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने हांसी को जिला बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि “वर्ष 2017 में हांसी को पुलिस जिला बनाने की घोषणा पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने की थी. चुनाव से पहले जब मैं यहां आया था, तब यहां आचार संहिता लग गई थी. तब मैंने कहा था कि कुछ अरमान हमारे दिल में रह गए हैं. वो अरमान मैं अब उजागर नहीं कर सकता परंतु वो अरमान जो आपके हमारे दिल में बसे हुए हैं. मैं हांसी को आज हरियाणा का 23वां जिला बनाने की घोषणा करता हूं. हांसी को जिला बनाने की नोटिफिकेशन एक हफ्ते के अंदर जारी कर दी जाएगी. हांसी वासियों को नया जिला बनने की बहुत-बहुत बधाई देता हूं.”
सीएम नायब सिंह सैनी ने की घोषणा
लोगों ने पटाखे फोड़कर जताई खुशी : जैसे ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी को जिला बनाने की घोषणा की वैसे ही लोगों ने खड़े होकर खुशी से जमकर तालियां बजाई और नाचना तक शुरू कर दिया. मुख्यमंत्री की घोषणा का पता चलते ही शहर में दिवाली की तरह पटाखे फोड़ने लोगों ने शुरू कर दिए और जमकर आतिशबाज़ी हुई.
हांसी को जिला बनाने पर नाचते लोग
हांसी में क्या-क्या होगा ?: हांसी जिले में दो उपमंडल, तीन तहसील और एक उप-तहसील बनाई जाएगी. हांसी में 97 राजस्व गांव और 110 ग्राम पंचायत शामिल की जाएगी. हांसी जिले के लिए बनाए गए ड्राफ्ट के अनुसार वर्तमान में जो पुलिस जिले का सीमांकन हैं, उसी को राजस्व जिले का सीमांकन माना जाएगा. हांसी के जिला बन जाने के बाद अब हांसी के लोगों को डीसी से मिलने के लिए हिसार की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा. हांसी में ही डीसी बैठा करेंगे. इसके साथ ही केस की पैरवी के लिए हिसार जिला कोर्ट नहीं जाना पड़ेगा क्योंकि जिला बन जाने के बाद जिला एवं सत्र न्यायालय का गठन कर दिया जाएगा. जिला बन जाने के बाद हांसी को अलग से बजट मिलेगा जिससे हांसी के विकास में तेज़ी आएगी.
हांसी को जिला बनाने की घोषणा के बाद खुश लोग
कई बार बंट चुका है हिसार : 1 नवंबर 1966 को पंजाब के पुनर्गठन के बाद हरियाणा राज्य बना. उस समय हिसार काफी बड़ा जिला था जिसमें सिरसा, भिवानी, चरखी दादरी और फतेहाबाद शामिल थे. 22 दिसंबर 1972 को हिसार का पहला विभाजन कर भिवानी जिला बनाया गया. इसके बाद 1 सितंबर 1975 को हिसार से अलग कर सिरसा जिला बनाया गया. 15 जुलाई 1997 को हिसार से अलग कर फतेहाबाद जिला बनाया गया. 22 फरवरी 2016 को हिसार का हिस्सा रहे भिवानी से काटकर चरखी दादरी जिला जिले को बनाया गया और आज 16 दिसंबर 2025 को हिसार से अलग करके हांसी जिला बनाने की घोषणा कर दी गई है जिसका नोटिफिकेशन एक हफ्ते के अंदर जारी कर दिया जाएगा.
हरियाणा में अब कितने और कौन-कौन से जिले ? : हरियाणा में अब तक 22 जिले हुआ करते थे लेकिन अब हांसी के जिला बनाने की घोषणा के साथ ही हरियाणा में अब कुल 23 जिले हो जाएंगे. हरियाणा के जिलों की देखिए पूरी लिस्ट –
अंबाला
भिवानी
चरखी दादरी
फरीदाबाद
फतेहाबाद
गुरुग्राम
हिसार
झज्जर
जींद
कैथल
करनाल
कुरुक्षेत्र
महेंद्रगढ़
नूंह(मेवात)
पलवल
पंचकूला
पानीपत
रेवाड़ी
रोहतक
सिरसा
सोनीपत
यमुनानगर
हांसी