हिसार। मिर्जापुर गांव के सरकारी मिडिल स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाला 13 वर्षीय छात्र संदीप शुक्रवार को हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूल परिसर में दीवार से गिरने के दौरान टूटी टाइल उसकी गर्दन में लग गई, जिससे गहरा कट लग गया। गंभीर हालत में उसे नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गर्दन पर करीब 12 टांके लगाए। चिकित्सकों के अनुसार छात्र अब खतरे से बाहर है।
स्कूल प्राचार्य राजकुमार ने बताया कि संदीप स्कूल के शौचालय में गया था। उसके साथ एक अन्य छात्र भी था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और यह हादसा हो गया। वहीं, संदीप के साथ पढ़ने वाले छात्रों का कहना है कि वह शौचालय के पास बनी टूटी दीवार पर चढ़ा हुआ था। दीवार पर लगी टाइल भी टूटी हुई थी। पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया और टूटी टाइल उसकी गर्दन में लग गई, जिससे गहरा घाव हो गया। कट इतना गहरा था कि अंदरूनी हिस्सा तक दिखाई देने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही संदीप के स्वजन और स्कूल प्राचार्य अस्पताल पहुंचे। स्वजन अंदेशा जता रहे थे कि कहीं कोई और बात तो नहीं है। हालांकि स्कूल के शिक्षकों ने उन्हें बताया कि संदीप को गिरने से ही चोट लगी है। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है।