शहर की संजय कॉलोनी में प्रेम प्रसंग में 19 वर्षीय युवक संदीप की प्रेमिका के भाइयों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपितों ने युवक को शादी की बात करने के लिए अपनी बहन से फोन करवा उसे रात को साढ़े आठ बजे बाहर बुलाया।
इसके बाद दुर्गा मंदिर के सामने चाकू से प्रेमी को गोद दिया। युवक को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां सुबह छह बजे संदीप की मौत हो गई। पुलिस ने युवती के सगे भाई जतिन और चचेरे भाई काकू के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी अनुसार एकता नगर निवासी संदीप शहर के बोंबे वाली गली में स्थित एक दुकान पर काम करता था जबकि वाल्मीकि मोहल्ला निवासी युवती भी बाजार में काम करती थी। दोनों की जान पहचान होने के बाद वे एक-दूसरे से प्रेम करने लगे।
युवती ने किया था फोन
दोनों के प्रेम प्रसंग के बारे में युवती के स्वजनों को काफी समय से जानकारी थी। सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे संदीप को युवती ने फोन करके कहा कि भाई उससे शादी की बात करना चाहता है, इसलिए वे मिलने आएंगे।
तभी युवती के भाई जतिन और काकू भी वहां पर पहुंच गए और संदीप पर चाकू से हाथ, पेट और पीठ पर वार करके फरार हो गए। मंदिर के सामने संदीप को घायल देखकर राहगीर व आस पड़ोस के लोग उसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंचे।
साढ़े छह बजे हुई संदीप की मौत
संदीप को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। इसके पश्चात स्वजन उसे लेकर निजी अस्पताल में पहुंचे। सुबह साढ़े छह बजे संदीप की मौत हो गई। युवती ने अपने भाइयों से मिलवाने और शादी के संबंध में बात करने के लिए बुलाया था।