पंजाब में आई बाढ़ पर हरियाणा सरकार ने की मदद की पेशकश, CM सैनी ने लिखा भगवंत मान को पत्र

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंजाब में आई बाढ़ पर चिंता जताते हुए पड़ोसी राज्य के नाते पंजाब सरकार के सामने मदद की पेशकश की है।नायब सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक पत्र लिखकर कहा है कि उन्हें प्रभावित लोगों के प्रति चिंता है। पंजाब हमारा बड़ा भाई है। यदि पंजाब सरकार को हरियाणा सरकार से किसी भी तरह की मदद की जरूरत है तो इसे बताने में संकोच न करें।

हरियाणा सरकार ने विधानसभा के मानसून सत्र में 1984 के सिख विरोधी दंगों में मारे गए राज्य के 121 परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोणा की थी। साथ ही एक बातचीत में पंजाब से अपना नाता जोड़ते हुए कहा था कि उनकी माता भी पंजाबी हैं। अब नायब सैनी पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं। बता दें कि पंजाब में करीब एक साल बाद विधानसभा चुनाव हैं और भाजपा ने नायब सिंह सैनी को पंजाब में गतिविधियां बढ़ाने के संकेत दे रखे हैं।

नायब सैनी पिछले छह माह के दौरान आधा दर्जन से अधिक बार पंजाब के विभिन्न जिलों व धार्मिक स्थलों का दौरा कर चुके हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री को लिखे पत्र की जानकारी देते हुए कहा कि पंजाब में बाढ़ की स्थिति लगातार भयावह होती जा रही है। बाढ़ की स्थिति से उत्पन्न कठिनाइयों के बारे में जानकर काफी दुख हो रहा है। इस प्राकृति आपदा में पंजाब के हमारे भाई-बहन भारी कष्ट झेल रहे हैं। हरियाणा सरकार और हरियाणा की जनता इस कठिन समय में पंजाब के साथ खड़ी है।

विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
उन्होंने कहा कि यदि पंजाब सरकार को किसी प्रकार की सहायता सामग्री, बचाव दल, चिकित्सा सहायता या अन्य संसाधनों की आवश्यकता हो तो निसंकोच अवगत कराएं। मुख्यमंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का नाम लेकर कहा कि वे हरसंभव सहायता पहुंचाने को तैयार हैं। इस संकट की घड़ी में प्रभावित हर व्यक्ति को शीघ्र से शीघ्र राहत पहुंचाना हमारा धर्म और उद्देश्य है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा सरकार की लाडो लक्ष्मी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब की बहनों को आम आदमी पार्टी पर भरोसा नहीं रह गया है।

अब पंजाब की जनता हरियाणा माडल की ओर देख रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी देश भर में सिद्ध है। कांग्रेस की गारंटी ‘चीनी सामान’ के जैसी है, जिसकी कोई मियाद नहीं है। जिस प्रकार पहले कांग्रेस पार्टी ने पंजाब को खोखला किया, उसी राह पर अब आम आदमी पार्टी भी चल रही है। पंजाब की जनता समझ चुकी है कि प्रधानमंत्री मोदी ही ऐसे नेता हैं जिनके नेतृत्व में देशभर में जनकल्याण के ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं।

पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार इच्छाशक्ति, नीयत और नीति तीनों ही स्तर पर विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी वास्तव में “एक ही थाली में खाते हैं” और इसलिए जनता को उन पर कोई विश्वास नहीं रहा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीद रही है, जबकि पंजाब में इस दिशा में कुछ भी नहीं हो रहा।