चंडीगढ़: इस बार हरियाणा में पहाड़ों वाली ठंड का कहर जारी है. राज्य में बर्फीली हवाओं के चलते पारा शून्य के करीब पहुंच गया है. मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार सुबह हिसार का पारा सबसे कम 0.2 डिग्री दर्ज किया गया है. वहीं, महेंद्रगढ़ में तापमान 0.8 डिग्री दर्ज किया गया है. जबकि पलवल अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री मापा गया है.
इन इलाकों में प्रचंड ठंड: इन दिनों राज्य में हाड़ कंपा देने वाली ठंड की शुरुआत हो चुकी है. पहाड़ों से ज्यादा मैदानी इलाकों में जाड़े ने कहर जमाया हुआ है. मौसम विभाग ने आज, गुरुवार को अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, जींद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, झज्जर और नूंह में सर्दी और कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
हरियाणा में प्रचंड जाड़े का कहर
यहां बनी कोल्ड डे जैसी स्थिति: सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और हिसार में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां ठिठुरन से लोगों को अभी राहत नहीं मिलने वाली है. इस बार सर्दी ने कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ रखे हैं. वहीं, हरियाणा के अंबाला, करनाल, कैथल, जींद, हिसार, पानीपत, सोनीपत में कोल्ड डे जैसी स्थिती रही. अंबाला का पारा -8.8 तक गिर गया है. वहीं, हिसार में भी तापमान माइनस में चल रहा है.
ठंड का थर्ड डिग्री टॉर्चर: अंबाला में भी घनी धुंध के चलते हाल बेहाल है. वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गई है और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. यहां रात के समय तापमान 5 डिग्री और दिन के समय 12 डिग्री दर्ज किया गया है. घनी धुंध और कड़ाके की सर्दी ने जन जीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. रेल यातायात से लेकर सड़क यातायात तक प्रभावित हो रहे हैं.
हालांकि किसानों के चेहरे खिले हुए हैं. ये मौसम गेहूं और सरसों के लिए वरदान बना हुआ है. बारिश न होने की वजह से खूखी ठंड से कई फसलों को नुकसान भी हो रहा है. खासकर टमाटर की फसल को काफी नुकसान है. वहीं, एक्यूआई भी बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है. शहर का एक्यूआई 349 के पार पहुंच गया है.
कब होगी बारिश: मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दो दिनों तक मौसम की स्थिति जस की तस रहने वाली है. हरियाणा के लगभग सभी शहरों में तापमान जीरो के करीब बना हुआ है. उत्तर पश्चिम शीत हवाएं चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट आने व दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है. 19 जनवरी के बाद बारिश की भी संभावना जताई गई है. 16-17 जनवरी को भी कई जिलों में कोहरे का असर जारी रहेगा. 18 जनवरी तक कड़ाके की सर्दी का असर रहने वाला है. 19 जनवरी के बाद ज्यादातर इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं.
चंडीगढ़ में हाल बेहाल: वहीं, चंडीगढ़ मौसम की बात करें तो मौसम विभाग के मुताबिक शहरवासियों को 2 दिनों तक शीतलहर का सामना करना पड़ेगा. चंडीगढ़ में शीतलहर और घनी धुंध ने कहर मचाया हुआ है. यहां दिल्ली, लखनऊ, जयपुर, मुंबई, हैदराबाद, अहमदाबाद, पुणे की उड़ानें रद्द कर दी गई है. वहीं, बुधवार रात करीब 10 बजे तक कुल 22 हवाई उड़ानों को कैंसिल किया गया. घनी धुंध का असर सड़क यातायात पर भी पड़ रहा है. घनी धुंध के चलते विजिबिलिटी काफी ज्यादा प्रभावित हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक 17 जनवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा. गुरुवार सुबह चंडीगढ़ में पारा 5 डिग्री तक पहुंचा.