हिसार। हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पूरे प्रदेश में लगातार तापमान में उछाल आ रहा है। दिन के साथ रात का तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। कुछ स्थानों पर हीट वेव जैसे हालात बनने लगे हैं। पश्चिम दिशा से चल रही शुष्क व गर्म हवाओं तथा तेज धूप के कारण पूरे प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान नारनौल में 42.5 व न्यूनतम भिवानी में 27.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि आने वाले तीन-चार दिनों तक हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली के अधिकतर स्थानों पर दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी तथा कुछ स्थानों पर हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है। 25 अप्रैल से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। इस दौरान तेज हवाएं, आंधी-अंधड़ तथा हल्की बारिश या बूंदाबांदी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
लू की स्थिति क्यों बन रही है इस समय थार मरुस्थल की ओर से पश्चिमी दिशा की गर्म और शुष्क हवाएं चल रही हैं। इनसे वातावरण में नमी कम हो रही है और सतही दबाव में गिरावट आ रही है। तेज धूप और गर्म हवाओं के संयुक्त प्रभाव से हीट वेव की स्थिति बन रही है। आने वाले दिनों में दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर बढ़ सकता है।
जिला न्यूनतम (Minimum) अधिकतम (Maximum)
अंबाला 24.8 40.3
भिवानी 27.0 38.5
हिसार 21.2 41.2
करनाल 19.9 40.6
नारनौल 26.1 42.5
पानीपत 23.2 38.8
रोहतक 23.6 42.2
सिरसा 21.4 41.6