Haryana Weather Update: हरियाणा में इन दिनों भीषण गर्मी से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. लगातार बढ़ते तापमान से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है. वहीं आज हरियाणा के नूंह जिले में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है. ऐसे में आने वाले दिनों में हरियाणा में मौसम का हाल कैसा रहने वाला है, आइए जानते हैं.
मौसम विभाग ने हरियाणा के कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है. IMD के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.
25 मई से 2 जून के बीच नौतपा भी रहने वाला है. इस साल भी नौतपा के दौरान बीच-बीच में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, क्योंकि 25 मई को एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ जबकि जून महीने के पहले सप्ताह में एक मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना बन रही है.
19 और 20 मई को प्रदेश के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों, खासकर हिसार, सिरसा, भिवानी, महेंद्रगढ़ और नूंह में लू का असर ज्यादा रहने की संभावना है. दोपहर के समय तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने इन दिनों दोपहर में जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.
21 और 22 मई को भी गर्मी का असर जारी रहेगा. हालांकि कुछ जिलों में आंशिक बादल छाने की संभावना जताई गई है, लेकिन इससे तापमान में बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है. गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, करनाल और पानीपत जैसे जिलों में उमस बढ़ सकती है, जिससे लोगों को अधिक गर्मी महसूस होगी.
23 मई के आसपास हरियाणा के कुछ उत्तरी जिलों जैसे अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में तेज हवाओं के साथ हल्के बादल देखने को मिल सकते हैं. कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी या धूलभरी आंधी की भी संभावना जताई जा रही है, लेकिन इससे पूरे प्रदेश में मौसम बदलने की संभावना कम है.
24 और 25 मई को एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है. कई जिलों में गर्म हवाएं चलने का अनुमान है और दिन के समय तेज धूप लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. खेतों में काम करने वाले किसानों और मजदूरों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.