Haryana Weather Update: हरियाणा में ठंड से लगातार जारी है. प्रतिदिन मौसम अपने तेवर बदलता नजर आ रहा है. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप जारी है, इस बीच सोमवार को लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली, क्योंकि न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं बारिश फिर से होने की संभावना है. ऐसे में आने वाले दिनों में हरियाणा में मौसम कैसा रहने वाला, आइए जानते हैं.
गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा के हिसार में सोमवार को न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री कम है. रोहतक में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा. राज्य के अन्य स्थानों में नारनौल में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 4.7 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 5 डिग्री सेल्सियस और अंबाला में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विभाग ने आज रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई है, जिससे पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 27 जनवरी से छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 28 को भी बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. इसको लेकर कई जगहों पर पाला पड़ने, बारिश और ओले का अलर्ट भी जारी किया गया है.
IMD के अनुसार, 30 जनवरी की रात से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे एक बार फिर बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इस पश्चिमी विक्षोभ का असर 1 फरवरी को भी देखने को मिलेगा. इस दिन बारिश की संभावना जताई गई है.
29 जनवरी को हरियाणा के ज्यादातर जिलों में मौसम सामान्य सर्दी वाला रहेगा. दिन का तापमान ठंडी हवाओं से कुछ कम महसूस हो सकता है और रातें ठंडी बनी रहेंगीय मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखता, और कोहरा सुबह-सुबह गाढ़ा हो सकता है.
30 जनवरी को मौसम में स्थिरता बने रहने की संभावना है. दिन में हल्की धूप दिख सकती है और रातें शीतल रहेंगी. इस दिन एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे बाद से बारिश की संभावना बढ़ जाएगी.
31 जनवरी को भी हरियाणा में मौसम शुष्क और ठंडा रहने का अनुमान है. दिन के तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है, जिससे सुबह-शाम की सर्दी थोड़ी कम होगी, लेकिन रातें अभी भी ठंडी बनी रहेंगी. 1 और 2 फरवरी को हरियाणा में मौसम ठंडा रहेगा. फरवरी की शुरुआत बारिश के साथ होगी और दोनों दिन बारिश होने और ओले गिरने की संभावना है.