दिल्ली लाठीचार्ज पर हरियाणा महिला आयोग सख्त, बोलीं- “बहन-बेटियों के साथ ज्यादती बर्दाश्त नहीं”

कैथल: कैथल नागरिक अस्पताल के औचक निरीक्षण पर पहुंचीं हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शिनी ने दिल्ली में छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि, “महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की ज्यादती स्वीकार्य नहीं है और सरकार पूरे मामले पर गंभीरता से संज्ञान लेगी.”

“बहन-बेटियों के साथ किसी भी तरह की ज्यादती गलत”: पत्रकारों से बातचीत के दौरान ऊषा प्रियदर्शिनी ने कहा कि, “बहन-बेटियों के साथ किसी भी तरह की ज्यादती गलत है. ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए. सरकार पूरे मामले का संज्ञान लेगी और जो भी उचित होगा, वह किया जाएगा. सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है.”

“इलाज में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी”: महिला आयोग अध्यक्ष ने कहा कि, “सरकार बहन-बेटियों के साथ मजबूती से खड़ी है. यदि किसी छात्रा को चोट आई है तो उसके इलाज में भी कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है. पीड़ित छात्राओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.”

दिल्ली लाठीचार्ज पर हरियाणा महिला आयोग सख्त
“शांतिपूर्ण प्रदर्शन सबका अधिकार”: धरना-प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि, “लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण होना चाहिए. कई बार कुछ उपद्रवी तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हैं और ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं.”

महिला स्वास्थ्य सुविधाओं का भी लिया जायजा: कैथल दौरे के दौरान ऊषा प्रियदर्शिनी ने नागरिक अस्पताल में महिला मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, सुविधाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि, “महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा.”