हरियाणा की हवा हुई ज़हरीली, AQI पहुंचा 500 पार तो हेल्थ एक्सपर्ट ने दे डाली चेतावनी

फरीदाबाद: हरियाणा में हवा का हाल इन दिनों बिगड़ता ही जा रहा है. ठंड बढ़ने के साथ-साथ प्रदूषण का कहर भी तेज हो गया है. सुबह बाहर निकलते ही आंखों में जलन और सांस लेने में भारीपन साफ महसूस होता है. हवा में धुंध ऐसी मिल गई है कि आसमान तक धुंधला पड़ गया है. आज सुबह अलग-अलग शहरों के एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) की रिपोर्ट ने हालात की गंभीरता को और साफ कर दिया. कई शहरों में हवा बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच चुकी है.

फरीदाबाद का AQI पहुंचा 508
सबसे बुरा हाल फरीदाबाद का है जहां AQI 508 दर्ज हुआ. यह स्तर खतरनाक श्रेणी में आता है. इतनी ज़हरीली हवा में ज्यादा देर रहना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है. सांस की समस्या आंखों में जलन, सिरदर्द और कमजोरी जैसे लक्षण आम हो जाते हैं. फरीदाबाद में रहने वालों के लिए मास्क पहनना और बाहर कम निकलना ही समझदारी है.

गुरुग्राम भी फरीदाबाद से बहुत पीछे नहीं है. यहां AQI 498 दर्ज किया गया जो खतरनाक श्रेणी में ही आता है. बड़े-बड़े ऑफिस, ट्रैफिक की भीड़ और निर्माण कार्य इन सबने हवा को और खराब कर दिया है. सुबह-शाम सड़कों पर चलना मुश्किल होता जा रहा है.

सोनीपत में AQI 220 रहा जो गंभीर श्रेणी में आता है. भले फरीदाबाद और गुरुग्राम जितना खराब नहीं लेकिन सेहत पर इसका भी साफ असर पड़ रहा है. अस्थमा और दिल की बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह स्तर काफी खतरनाक है.

इन जगहों की स्थिती नाजुक
हरियाणा के बाकी शहरों में भी हवा का स्तर ठीक नहीं है. रोहतक में AQI 165, कैथल में 160, और कुरुक्षेत्र में 170 रहा. यह सभी खराब श्रेणी में आते हैं यानी इन शहरों की हवा भी स्वस्थ लोगों के लिए परेशानी पैदा कर सकती है. लंबे समय तक इस हवा में रहने से फेफड़ों को नुकसान पहुंचने की संभावना बढ़ जाती है.नारनौल और फतेहाबाद का हाल भी लगभग यही रहा दोनों जगह AQI करीब 170–172 के बीच दर्ज किया गया. धूल, कुछ लोग कूड़े में आग लगा देते हैं जिससे प्रदूषण बढ़ जाता हैं वाहनों का उत्सर्जन और मौसम के बदलाव ये सब मिलकर हवा को भारी बना रहे हैं.

शहरों की हवा लोगों के लिए खतरा बन चुकी है
कुल मिलाकर हरियाणा के ज्यादातर शहरों की हवा लोगों के लिए खतरा बन चुकी है. ऐसे में जरूरी है कि लोग सावधान रहें मास्क का इस्तेमाल करें सुबह की सैर से बचें और बच्चों व बुजुर्गों को बाहर कम निकालें. सरकार और प्रशासन को भी हालात सुधारने के लिए तेजी से कदम उठाने की जरूरत है ताकि लोगों को साफ और सुरक्षित हवा मिल सके.